Puja Ke Niyam: हिंदू धर्म में मूर्ति पूजा का विशेष महत्त्व माना गया है। कहा जाता है कि मूर्ति के माध्यम से ईश्वर से जुड़ाव महसूस किया जा सकता है। यह जुड़ाव ही है, जो मन को आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति प्रदान करता है। लेकिन क्या आप जानते है घर के मंदिर में मूर्ति के रखने और उसकी पूजा करने को लेकर भी नियम तय है, जिनके बारे में अधिकांश लोगों को जानकारी नहीं होती है। यदि इन नियमों को ध्यान में न रखा जाए तो पूजा का शुभ फल भी प्राप्त नहीं होता है। इसलिए देवी-देवताओं की मूर्ति को घर में रखते समय उनके स्वरुप का ध्यान होना जरुरी है। चलिए जानते है इस विषय में अधिक जानकारी। 

पूजा घर में सबसे जरुरी मूर्ति
(Puja Ghar me Sabse Jaruri Murti) 

घर के मंदिर में गणेश जी की मूर्ति होना बेहद आवश्यक है। गणपति जी को विघ्नहर्ता और बुद्धि का देवता कहा जाता है। सनातन धर्म में गणेश जी प्रथम पूज्य माने जाते है। इसलिए किसी भी नए कार्य की शुरुआत में उनका आशीर्वाद होना जरुरी होता है। गणेश जी की मूर्ति विराजमान मुद्रा में आशीर्वाद देते हुए घर में रखनी चाहिए। इस मूर्ति को देवी लक्ष्मी के बायीं तरफ और मां सरस्वती के दायीं तरफ रखें। ध्यान रखें प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी मूर्ति न रखें। 

घर के मंदिर में मां लक्ष्मी की मूर्ति 
(Ghar me Maa Lakshmi ki Murti) 

धन, संपत्ति और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी का घर में होना बेहद जरुरी है। मां लक्ष्मी की मूर्ति को घर के मंदिर में रखते समय शास्त्र नियमों का ख्याल रखें। घर में कमल पर विराजमान मां लक्ष्मी की ही मूर्ति स्थापित करें। शुभ फलों की प्राप्ति के लिए साथ में भगवान विष्णु की मूर्ति भी रखें और दोनों का साथ पूजन करें। 

घर के मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति 
(Ghar Ke Mandir me Hanuman Ji Ki Murti) 

संकटमोचक हनुमान जी की मूर्ति घर के मंदिर में होना जरुरी है। बजरंग बली का आशीर्वाद जिस घर-परिवार पर रहेगा, उनके सदस्यों के मन में कभी भी भय नहीं होता। साथ ही घर में बुरी अथवा नकारात्मक शक्तियां भी प्रवेश नहीं करती है। इसके लिए घर में राम दरबार की फोटो रखें, जिसमें हनुमान जी हो। 

घर में रखें भगवान शिव की मूर्ति
(Ghar me Bhagwan Shiv Ki Murti) 

घर के पूजा घर में भगवन भोलेनाथ का न होने से मंदिर पूर्ण नहीं हो सकता। घर में शिवलिंग रखना गलत है, लेकिन  शिव पार्वती और गणेश जी की एक मूर्ति आवश्यक तौर पर घर में अवश्य रखें। ऐसा करने से घर-परिवार में खुशहाली बनी रहती है। 

घर में न रखें इस तरह की मूर्तियां 
(Ghar me is Trah Ki Murti Nahi Rakhe) 

पूजा घर में किसी भी देवी-देवता की उग्र स्वभाव वाली मूर्तियां नहीं रखनी चाहिए। ध्यान रखें घर के पूजा मंदिर में सिर्फ देवी देवताओं की प्रसन्न मुद्रा वाली और आशीर्वाद देती हुई प्रतिमाएं ही स्थापित करें। इसके अलावा लड़ाई और युद्ध की तस्वीरें भी घर में रखना वर्जित माना गया है। 

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। Hari Bhoomi इसकी पुष्टि नहीं करता है।