Logo

Citroen: फ्रांसीसी ऑटोमोबाइल कंपनी सिट्रोएन ने भारत में महेंद्र सिंह धोनी को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। कैप्टन कूल धोनी एक कैंपेन में सिट्रोएन के साथ अपनी पहली पारी खेलेंगे, जो जल्द ही लाइव होगा। भारत में इस कंपनी की मौजूदा लाइनअप में सी3, सी 3 एयरक्रॉस, ईसी3 और सी5 एयरक्रॉस जैसी कारें शामिल है। सिट्रोएन भारत में 2020 में ही कदम रखने वाली थी, लेकिन कोरोना महामारी के चलते ये संभव नहीं हो पाया।

कंपनी ने धोनी की भूमिका को लेकर क्या कहा?
सिट्रोएन इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर शिशिर मिश्रा ने कहा- सिट्रोएन फैमली में महेंद्र सिंह धोनी का स्वागत करते हुए उत्साहित हैं। लगातार आगे बढ़ने और कुछ नया करने की उनकी क्षमता ने उन्हें भारतीय इतिहास का सबसे भरोसेमंद कप्तान बना दिया। हमारा मानते हैं कि देश के बेहतरीन क्रिकेटरों में से एक धोनी के साथ कंपनी का जुड़ाव भारतीय बाजार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करने में बड़ा मददगार होगा। उनकी विनम्रता और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण हमारे ब्रांड की सोच से पूरी तरह मिलते हैं। 

ब्रांड एम्बेसडर बनने को लेकर क्या बोले धोनी?
इसके बाद एसोसिएशन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि एक भावुक ऑटोमोबाइल प्रेमी के तौर पर प्रतिष्ठित ब्रांड सिट्रोएन के साथ जुड़ने के लिए उत्साहित हूं, जो अपने इनोवेटिव आइडिया और इंजीनियरिंग कौशल के लिए दुनियाभर में मशहूर है। उन्होंने आगे कहा- यह ब्रांड इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और टिकाऊ समाधानों के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को साझा करता है और मेरी तरह ऐसा करने पर फोकस करता है। कंपनी ग्राहकों की जरूरतों को सही मायने में समझती है। मैं सिट्रोएन की 100 सालों की विरासत और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ते हुए कंपनी के साथ सफर को लेकर रोमांचित हूं।

(मंजू कुमारी)