Car Care Tips: कार की देखभाल में लापरवाही बरतने से उसके कई अहम पार्ट्स की उम्र कम हो जाती है। खासकर गियरबॉक्स, जो कि कार की सुचारू चलाने में जरूरी भूमिका निभाता है। अगर आपकी कार में गियरबॉक्स की समस्या हो रही है, तो यह कुछ खास संकेत दे सकती है। इन संकेतों को अनदेखा करना भारी खर्च का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं, गियरबॉक्स में बड़ी खराबी के संकेत क्या हैं और आपको कब सतर्क होना चाहिए।

1) वार्निंग लाइट जलना
यदि आपकी कार के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में अचानक से इंजन की वार्निंग लाइट जलने लगे, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। यदि इंजन में कोई समस्या नहीं है और फिर भी यह लाइट जल रही है, तो यह गियरबॉक्स में खराबी का संकेत हो सकता है। गियर बदलने के समय इंजन पर अधिक भार पड़ने से भी यह लाइट जलने लगती है।

2) क्लच में परेशानी
अगर कार के क्लच में समस्या आने लगे तो गियरबॉक्स में खराबी की संभावना बढ़ जाती है। गियर बदलते समय अगर क्लच सही तरह से काम नहीं करता या कोई अजीब आवाज आती है, तो यह गियरबॉक्स में समस्या का संकेत हो सकता है। इस स्थिति में आपको तुरंत क्लच की जांच करवानी चाहिए।

3) बार-बार गियर स्लिप करना
अगर कार चलते हुए गियर स्लिप करने लगे, तो गियरबॉक्स में बड़ी खराबी आने की संभावना होती है। इस तरह की समस्या आने पर कार को तुरंत मेकैनिक के पास ले जाना चाहिए, ताकि बड़े नुकसान से बचा जा सके।

4) गियर लीवर में वाइब्रेशन
अगर गियर लीवर में जरूरत से ज्यादा वाइब्रेशन हो रहा है, तो यह भी गियरबॉक्स में खराबी का एक संकेत हो सकता है। सफर के दौरान गियर बदलते समय ज्यादा वाइब्रेशन होने पर भी सतर्क हो जाना चाहिए और कार को मेकैनिक के पास ले जाकर जांच करवानी चाहिए।

5) सही समय पर जांच कराएं 
इन बातों को नजरअंदाज करना महंगा साबित हो सकता है। इसलिए, अगर आपकी कार में उपरोक्त संकेतों में से कोई भी दिखाई दे, तो तुरंत कार की जांच करवाएं और समस्या का समाधान करें। गियरबॉक्स की सही देखभाल से न केवल आपकी कार की परफॉर्मेंस बेहतर होगी, बल्कि इसकी उम्र भी लंबी होगी।

(मंजू कुमारी)