Auto Sales: भारत के घरेलू बाजार में सितंबर 2024 में टू-व्हीलर्स की जोरदार मांग देखी गई, जिसमें सालाना आधार पर दोपहिया वाहनों की बिक्री में 14.52% और मासिक आधार पर 17.61% की बढ़ोतरी हुई। कुल 13,77,712 यूनिट्स की सेल्स रिकॉर्ड की गई, जो सितंबर 2023 में बेची गई 12,03,018 यूनिट्स और अगस्त 2024 में बेची गई 11,71,424 यूनिट्स से अधिक है।

1) हीरो स्प्लेंडर बनी टॉप सेलिंग बाइक
दोपहिया वाहनों की बिक्री में हीरो स्प्लेंडर सबसे आगे रही, जिसकी 3,75,886 यूनिट्स बिकीं। यह सितंबर 2023 में बेची गई 3,19,692 यूनिट्स से 17.58% की वृद्धि को दर्शाता है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ, स्प्लेंडर ने 27.28% की बाजार हिस्सेदारी हासिल की।

2) होंडा एक्टिवा का भी शानदार प्रदर्शन
दूसरे स्थान पर होंडा एक्टिवा रही, जिसकी 2,62,316 यूनिट्स बिकीं। इसमें सालाना आधार पर 11.60% और मासिक आधार पर 15.33% की वृद्धि हुई। सितंबर 2023 और अगस्त 2024 में इसकी क्रमशः 2,35,056 और 2,27,458 यूनिट्स बिकी थीं।

3) 125cc सेगमेंट में होंडा शाइन अव्वल
होंडा शाइन ने 125cc सेगमेंट में 12.56% की सालाना वृद्धि के साथ 1,81,835 यूनिट्स बेचीं। यह सितंबर 2023 के मुकाबले 20,219 यूनिट्स ज्यादा है। हीरो एचएफ डीलक्स ने भी 35.32% की सालाना बढ़ोतरी के साथ 1,13,827 यूनिट्स की बिक्री की।

4) टीवीएस जुपिटर की बढ़त
टीवीएस जुपिटर ने 1,02,934 यूनिट्स की बिक्री की, जिससे इसे 7.47% की बाजार हिस्सेदारी मिली। बजाज पल्सर ने भी 1,39,182 यूनिट्स बेचीं, जो सालाना आधार पर 15.86% की वृद्धि दर्शाती है।

5) मोपेड सेगमेंट की स्थिति
मोपेड सेगमेंट में टीवीएस XL की 54,969 यूनिट्स बिकीं, जो 22.31% की सालाना ग्रोथ दिखाती है। दूसरी ओर, सुज़ुकी एक्सेस की बिक्री में गिरावट आई, जिसकी 53,715 यूनिट्स बिकीं, जिससे इसकी बाजार हिस्सेदारी घटी। बजाज प्लेटिना की 49,774 यूनिट्स बिकीं, जो 2.38% की सालाना वृद्धि को दर्शाती है।
 
6) टीवीएस रेडर की बिक्री
टीवीएस रेडर ने 43,274 यूनिट्स की बिक्री की, हालांकि इसमें सालाना आधार पर 11.24% की गिरावट देखी गई, लेकिन मासिक आधार पर इसमें 60.73% की वृद्धि दर्ज की गई।

(मंजू कुमारी)