Budget Session 2024: संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को पेश करेंगी अंतरिम बजट

2024 Budget session: संसद का अंतरिम बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। इस दौरान आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। फिर 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण छठी बार आम बजट पेश करेंगी। यह 17वीं लोकसभा का आखिरी बजट भी होगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि संसद का संक्षिप्त बजट सत्र 9 फरवरी तक चलेगा। इस साल आम चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी सरकार बजट में क्या सौगात देने वाली है, इस पर देशवासियों की निगाहें टिकी हैं।
जोशी ने ट्वीट में दी जानकारी
प्रह्लाद जोशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया- ‘‘अंतरिम बजट सत्र 2024 यानी 17वीं लोकसभा का आखिरी सत्र 31 जनवरी से 9 फरवरी के बीच आयोजित होगा, इस दौरान माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संसद में संबोधन होगा। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी।’’
चुनाव के कारण इस साल अंतरिम बजट
आम बजट को लेकर वित्त मंत्रालय के अफसर पूरी जोश के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की ओर से संसद के बजट सत्र को लेकर अधिसूचना जारी की गई। बता दें कि इस साल देश में अप्रैल-मई में आम चुनाव होने हैं। इसलिए लोकसभा चुनाव के बाद बनने वाली नई सरकार पूर्ण बजट पेश करेगी।
17वीं लोकसभा का आखिरी सत्र होगा
मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है। इसलिए चुनाव आयोग की ओर से आम चुनाव के ऐलान से पहले यह 17वीं लोकसभा का आखिरी सत्र होगा। साल 2019 में लोकसभा चुनावों की घोषणा 10 मार्च को हुई थी। इसके बाद 11 अप्रैल से 19 मई के बीच 7 चरणों में देशभर में मतदान संपन्न हुआ था।
क्या अपना ही रिकॉर्ड तोड़ पाएंगी सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम सबसे लंबा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 1 फरवरी 2020 को वित्त वर्ष 2020-21 के लिए आम बजट पेश करते हुए 2 घंटे और 42 मिनट का वक्त लिया था। अब देखना होगा कि क्या इस बार वह अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ पाएंगी? बता दें कि सीतारमण ने 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद मोदी सरकार में पहली बार 5 जुलाई को बजट पेश किया था।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS