Godrej Group Divestments: भारत में 127 साल पुराने कारोबारी घराने गोदरेज परिवार ने शांति और सहजता के साथ बंटवारे के समझौते पर मुहर लगा दी है। आज गोदरेद समूह साबुन और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के निर्माण से लेकर रियल एस्टेट तक फैला हुआ है, जिसका वैल्यूएशन करीब 2.3 लाख करोड़ रुपए पहुंच चुका है। ग्रुप की ओर से बयान में बताया गया है कि गोदरेज समूह को दो भागों में बांटा गया है। एक ओर आदि गोदरेज और उनके भाई तो दूसरी ओर उनके चचेरे भाई जमशेद गोदरेज और स्मिता गोदरेज कृष्णा हैं। दोनों ही नए ग्रुप में युवा नेतृत्व को अहम स्थान दिया गया है। ग्रुप की नींव करीब 127 साल पहले अर्देशिर गोदरेज और पिरोजशा बुर्जोरजी गोदरेज ने रखी थी।

गोदरेज परिवार में 3 साल से जारी थी बंटवारे की प्रक्रिया
आदि गोदरेज और उनके भाई नादिर गोदरेज इंडस्ट्रीज को अपने पास रखेंगे, जिसकी 5 लिस्टेड कंपनियां हैं। जबकि जमशेद गोदरेज और स्मिता को गैर लिस्टेड गोदरेज एंड बॉयस और उसकी सहयोगी कंपनी, मुंबई में प्रमुख संपत्तियों समेत एक भूमि बैंक मिलेगा। गोदरेज परिवार ने इस बंटवारे को गोदरेज की कंपनियों में शेयर होल्डिंग का "ओनरशिप का फिर से निर्माण" करार दिया है। गोदरेज परिवार में अभी कुल 28 मेंबर हैं और बंटवारे की यह प्रक्रिया पिछले 3 साल से चल रही थी, जो अब बिना किसी विवाद के खत्म हुई।

1) गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप (GEG):
इसमें गोदरेज एंड बॉयस और उसके सहयोगी शामिल हैं, जिनकी एयरोस्पेस और एविएशन से लेकर डिफेंस, फर्नीचर और आईटी सॉफ्टवेयर तक कई इंडस्ट्री में मौजूदगी है। जमशेद गोदरेज इसके चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर बनाए गए। उनकी बहन स्मिता की 42 वर्षीय बेटी न्यारिका होल्कर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर होंगी। उनके परिवारों के पास भूमि बैंक भी होगा, जिसमें मुंबई में 3,400 एकड़ प्रमुख भूमि शामिल है।

2) गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह (GIG): 
इसमें शेयर बाजार में लिस्टेड 5 कंपनियां- गोदरेज इंडस्ट्रीज, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, गोदरेज प्रॉपर्टीज, गोदरेज एग्रोवेट और एस्टेक लाइफसाइंसेज शामिल हैं। नादिर गोदरेज ग्रुप के चेयरमैन होंगे और यह आदि, नादिर और उनके परिवार द्वारा कंट्रोल किया जाएगा। बयान के मुताबिक, आदि के बेटे पिरोजशा गोदरेज जीआईजी के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन होंगे और वह अगस्त 2026 में नादिर की जगह लेंगे।

आदि-नादिर की कंपनियों का वैल्यूएशन?
नए गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह में शामिल सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी की वैल्यू 1.20 लाख करोड़ रुपए है। कंपनी ने FY 2022- 23 में 14,796 करोड़ की इनकम पर 117 करोड़ रुपए प्रॉफिट हासिल किया था। पिछले 19 अप्रैल को ग्रुप की कुल वैल्यू करीब 2.34 लाख करोड़ रुपए थी। गोदरेज ग्रुप प्रमुख रूप से इंजीनियरिंग, अप्लायंसेस, सिक्योरिटी सॉल्यूशन, एग्री प्रोडक्ट्स, रियल एस्टेट, एरोस्पेस, कंज्यूमर प्रोडक्ट बिजनेस में दखल रखता है।

कंपनी वैल्यूएशन (करोड़ रु. में)
गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1,19,572
गोदरेज प्रॉपर्टीज 69,516
गोदरेज इंडस्ट्रीज 27,857
गोदरेज एग्रो वेट 10,505
एस्टेक लाइफ साइंसेज 2,435

(सोर्स: बीमाई आंकड़े)