Logo
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ईपीएफओ ने अपने पात्र पेंशनर्स और कर्मचारियों के लिए हाई पेंशन का विकल्प चुनने की सुविधा प्रदान की थी। कई बार इसकी डेडलाइन बढ़ चुकी है। 

EPFO Higher Pension: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने हाई पेंशन का ऑप्शन चुनने वाले कर्मचारियों की सैलरी डिटेल डेटाबेस में अपलोड करने की सीमा 31 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। पहले नियोक्ताओं/एम्पलॉयर्स के लिए यह डेडलाइन 31 दिसंबर, 2023 तक थी। यानी अब इसे पूरा करने के लिए 5 माह का अतिरिक्त समय दिया गया है। 

EPFO के पास ऑनलाइन जमा करना है डेटा
श्रम मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड के चेयरमैन की ओर से नियोक्ताओं को संबिधत डिलेट जमा करने के लिए समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। ईपीएफओ ने कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए हाई कंट्रीब्यूशन पर हाई पेंशन का ऑप्शन चुनने की सुविधा प्रदान की थी। अगर कोई पेंशनर या कर्मचारी चाहे तो इसे चुन सकता है। इसके बाद नियोक्ताओं को उसकी सैलरी से संबंधित डाटा ईपीएफओ के पास कराने के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान की थी। 

2 साल पहले सुप्रीम कोर्ट ने दिया था आदेश 
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के 4 नवंबर, 2022 के आदेश के तहत ईपीएफओ ने अपने पात्र पेंशनर्स/मेंबर्स को हाई पेंशन विकल्प चुनने की सुविधा प्रदान की थी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जनवरी, 2023 से शुरू की गई थी। इसके बाद इस प्रक्रिया के लिए दो बार में 11 जुलाई तक के लिए तारीख आगे बढ़ाई गई थी। इस दौरान ईपीएफओ को अपने पेंशनर्स और मेंबर्स की ओर से हाई पेंशन के लिए 17.49 लाख आवेदन मिले थे। जिसके बाद नियोक्ताओं (एम्प्लॉयर्स) को अपने इच्छुक कर्मचारियों का सैलरी से जुड़ा डाटा अपलोड करने के लिए 30 सितंबर तक का वक्त दिया गया था। फिर इसे 31 दिसंबर, 2023 तक के लिए बढ़ाकर नियोक्ताओं को फौरी राहत दी गई थी। 

अक्टूबर में जुड़े 15 लाख से ज्यादा कर्मचारी
EPFO के दिसंबर माह के पेरोल डाटा से पता चलता है कि बीते साल अक्टूबर में 15.29 लाख नए कर्मचारी ईपीएफओ मेंबर्स के तौर पर जोड़े गए। यह आंकड़ा सालाना आधार पर 18.22 फीसदी अधिक है। अक्टूबर में जोड़े गए कुल 7.72 लाख नए मेंबर्स में करीब 2.04 लाख महिलाएं हैं, जो पहली बार ईपीएफओ में शामिल हुई हैं।

5379487