LPG सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी: त्योहारी सीजन में महंगाई का झटका, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 62 रुपए महंगा

LPG Price Hike: त्योहारों और शादियों के इस सीजन में महंगाई ने फिर से आम जनता और छोटे व्यापारियों पर दबाव बढ़ा दिया है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार (1 नवंबर) से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 62 रुपए की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इस बढ़ोतरी के बाद देश के अलग अलग शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं। दिल्ली में अब कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1802 रुपए हो गई है, जो पहले 1740 रुपए थी। इस बढ़ी कीमत का असर रेस्टोरेंट, होटल और छोटे दुकानदारों पर होगा। ये लोग बड़े पैमाने पर कमर्शियल सिलेंडर पर निर्भर हैं।
लगातार चार महीने से बढ़ रहे हैं कमर्शियल सिलेंडर के दाम
यह चौथा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि की गई है। पिछले चार महीनों में कुल 156 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। सितंबर में कीमतों में करीब 39 रुपए, अक्टूबर में 50 रुपए, और इस महीने 62 रुपए का इजाफा हुआ है। त्योहार और शादियों के सीजन में पहले से ही महंगाई के बोझ तले लोगों पर यह एक और नया बोझ बढ़ाएगा।
अलग-अलग शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: 1802 रुपए (पहले 1740 रुपए)
- कोलकाता: 1911.50 रुपए (पहले 1850.50 रुपए)
- मुंबई: 1754.50 रुपए (पहले 1692.50 रुपए)
- चेन्नई: 1964.50 रुपए (पहले 1903 रुपए)
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में स्थिरता
सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। फिलहाल, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें अगस्त 2023 के बाद से स्थिर हैं। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 803 रुपए, कोलकाता में 829 रुपए, मुंबई में 802.50 रुपए, और चेन्नई में 818.50 रुपए है। उज्जवला योजना के लाभार्थियों को घरेलू सिलेंडर की कीमत पर 200 रुपए की सब्सिडी मिलती है।
छोटे व्यवसायों पर बढ़ी कीमतों का असर
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढोतरी का असर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर खास तौर से पड़ा है। महंगाई के चलते बाहर खाना और होटल में खाना महंगा हो सकता है, जो ग्राहकों की जेब पर सीधा असर डालेगा। खासकर, त्योहार और शादी के सीजन में होटल और रेस्टोरेंट में खाना परोसने के खर्च बढ़ने से छोटे दुकानदारों और होटल संचालकाें के प्रॉफिट पर भी इसका असर होगा।
हर महीने होती है सिलेंडर की कीमत की समीक्षा
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं, जिसके बाद महंगाई और अन्य खर्चों को ध्यान में रखकर नए रेट्स लागू किए जाते हैं। अक्टूबर में भी कमर्शियल सिलेंडर के दामों में वृद्धि हुई थी, जिसमें दिल्ली में 50 रुपए, मुंबई में 45 रुपए, कोलकाता में 52 रुपए, और चेन्नई में 60 रुपए का इजाफा हुआ था। इससे पहले, सितंबर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब 39 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS