CAR PRICE HIKE: मारुति, टाटा समेत 5 कंपनियों की कारें 1 जनवरी से हो जाएंगी महंगी

Maruti Suzuki
X
Maruti Suzuki
maruti suzuki Tata Motors Mahindra & Mahindra car price increase from first january 2024 in india.

नई दिल्ली. नए साल में कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो इसके लिए आपको ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। देश की कई बड़ी ऑटो कंपनियों ने अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। इनमें देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनी मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ऑडी इंडिया व मर्सिडीज बेंज इंडिया शामिल हैं। कारों के दाम बढ़ने के पीछे महंगाई और उपकरणों की कीमतों में वृद्धि को जिम्मेदार बताया जा रहा है।

मारुति सुजुकी इंडिया की कारों में ऑल्टो से लेकर मल्टी-यूटिलिटी वीकल इनविक्टो तक शामिल हैं। इनकी रेंज 3.54 लाख रु. से 28.42 लाख रु. (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच है। कंपनी ने कहा है कि अलग-अलग मॉडलों के लिए नए सिरे से कीमतें तय होंगी।

मारुति में पहले भी हुआ प्राइस हाइक
कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि चारों ओर महंगाई का दबाव है। इसी के कारण हमने जनवरी में कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। इससे पहले मारुति ने अप्रैल 2023 में कारों के दाम 0.8 प्रतिशत बढ़ाए थे। पिछले फाइनेंशियल ईयर में भी कीमतें 2.4 फीसदी ऊपर गई थीं।

टाटा ईवी भी हो जाएंगी महंगी
इसके अलावा टाटा मोटर्स भी पैसेंजर और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की कीमतें जनवरी 2024 से बढ़ाने पर विचार कर रही है। हालांकि, कंपनी ने इस बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। कंपनी के स्पोक्सपर्सन ने कहा है कि कौन से व्हीकल्स के दाम कितने बढ़ेंगे, इसका ऐलान कुछ हफ्ते में हो जाएगा। टाटा मोटर्स के बेड़े में हैचबैक टियागो से लेकर एसयूवी सफारी तक शामिल हैं। इनकी रेट 5.6 लाख रु. से 25.94 लाख रु. के बीच हैं।

महिंद्रा: आगे विस्तार से बताएंगे
महिंद्रा एंड महिंद्रा में व्हीकल कैटेगरी के सीईओ नलिनीकांत गोलागुंटा के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर महंगाई को ध्यान में रखते हुए कंपनी जनवरी 2024 से अपने वाहनों की कीमतें बढ़ा रही है। आगे इस बारे में विस्तार से बताया जाएगा।

ऑडी: 2 फीसदी तक महंगी होंगी कारें
उधर, जर्मन लग्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी ने भी कच्चे माल की मांग और ट्रांसपोर्ट कॉस्ट बढ़ने का हवाला देकर जनवरी से भारत में कारों की कीमतें 2 प्रतिशत तक बढ़ाने की बात कही है। देश में ऑडी की रेंज 42.77 लाख से 2.22 करोड़ रु. के बीच है। इसके साथ-साथ मर्सिडीज-बेंज इंडिया भी जनवरी से कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story