Stock Market Crash: शेयर बाजार में भारी गिरावट, जिसमें सेंसेक्स (Sensex) 1600 अंक गिर गया और निफ्टी (Nifty50 ) 25300 के नीचे आ गया। ईरान और इज़रायल के बीच बढ़ते तनाव, क्रू़ड ऑयल की बढ़ती कीमतें, सेबी द्वारा एफएंडओ नियमों में सख्ती और चीनी शेयरों के पुनरुत्थान के कारण संभावित सेलिंग ने गुरुवार (3 अक्टूबर) को स्टॉक मार्केट को बड़ा झटका दिया। मिडिल-ईस्ट में ईरान-इज़रायल जंग को लेकर तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका के कारण दुनियाभर में निवेशक डरे हुए हैं।

लिस्टेड कंपनियों का MCap 7.2 लाख करोड़ रु. घटा
गुरुवार दोपहर 1.40 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 1627 अंक (1.93%) गिरकर 82,639 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 506 अंक (1.99%) की गिरावट के साथ 25,290 पर कारोबार करता नजर आया। इस गिरावट के साथ बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (MCap) 7.2 लाख करोड़ रुपए घटकर 467.67 लाख करोड़ रुपए रह गया।

ईरान के हमले के बाद बढ़ी निवेशकों की चिंता
मध्य-पूर्व में ईरान द्वारा इज़रायल पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ गई, जिससे दुनियाभर में निवेशकों की चिंता और बढ़ गई। भारत जैसे आयातक देशों के लिए तेल की बढ़ती कीमतें नकारात्मक मानी जाती हैं, क्योंकि कच्चा तेल आयात बिल में बड़ा योगदान देता है।

सेंसेक्स में गिरावट के मुख्य कारण 

  • भारतीय बाजार में लिस्ट हेवी वेट शेयरों- रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी और भारती एयरटेल में बड़ी गिरावट देखी गई है। जबकि जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा स्टील के शेयर बढ़त के साथ खुले।
  • निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1.2% की गिरावट दर्ज की गई, जिसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम, आईओसी और जीएसपीएल प्रमुख गिरावट वाले शेयर रहे हैं। इस बीच, भारतीय शेयर बाजार का "फियर गेज" इंडिया VIX 8.9% बढ़कर 13.06 पर पहुंच गया।

Nifty 50 के लगभग सभी शेयर हुए लाल
बाजार में भारी बिकवाली और निवेशकों के पैसे खींचने के कारण प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 के सभी शेयर लाल निशान में आ गए। भारत पेट्रोलियम (BPCL) सबसे ज्यादा 5.28% टूटा।  इसके बाद एशियन पेंट्स, LT, मारुति, टाटा मोटर्स और श्रीराम फाइनेंस करीब 4 फीसदी की गिरावट के साथ शीर्ष 5 नुकसान वाले शेयरों में शामिल रहे। JWS स्टील और टाटा स्टील मात्र दो ऐसे शेयर रहे, जिनमें मामूली बढ़त नजर आई।