Stock Market Updates: लोकसभा चुनाव नतीजों के बुधवार (5 जून) को शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ खुला। भारतीय स्टॉक एक्सचेंज के सभी प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स में तेजी देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी (Nifty) एक बार फिर 22000 अंकों का स्तर छू लिया है और यह करीब 150 अंकों की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है। वहीं, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (Sensex) भी 250 अंक बढ़कर 72300 से ऊपर कारोबार करता दिखाई दे रहा है। निफ्टी बैंक में भी मामूली बढ़त है। 

400 पार का नारा फेल, BJP 300 के अंदर सिमटी
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम सामने आए। इस दौरान ट्रेंड्स में बीजेपी की सीटें कम होती नजर आई थीं। 400 पार का नारा देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी भाजपा 300 सीटों के भीतर सिमटकर रह गई। इससे मार्केट सेंटिमेंट्स को तगड़ा झटका लगा था। जिसके चलते स्टॉक मार्केट में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई। बाजार इतना टूटा कि निफ्टी और सेंसेक्स लोअर सर्किट के मुहाने पर आ गया और ट्रेडिंग तक रोकी जा सकती थी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।

मंगलवार को आई थी 4 साल की बड़ी गिरावट
शेयर बाजार में यह बड़ी गिरावट 2020 के कोविड क्रैश के 4 बाद आई थी। कोरोना और लॉकडाउन के ऐलान के वक्त निफ्टी बुरी तरह टूटा था। मंगलवार को जैसे-जैसे चुनाव के रुझान बदलते गए निफ्टी और सेंसेक्स नीचे खिंचता चला गया। निफ़्टी (Nifty) करीब 1935 अंक (8.32%), BSE सेंसेक्स 6102 (7.98%) अंक तक लुढ़का। निफ्टी बैंक भी 4300 (8.50%) से ज्यादा प्वाइंट टूटा। इस दौरान निफ्टी में भयंकर गिरावट के साथ 21,327.80 पर आ गया। इसी तरह सेंसेक्स (Sensex) भी मंगलवार दोपहर 12.30 बजे 70,398 के लोअर सर्किट के आसपास तक गिरा। हालांकि, बाद में दोनों इंडेक्स ने थोड़ी रिकवरी की।

BJP की सीटें घटने से मार्केट सेंटिमेंट्स कमजोर
लोकसभा चुनाव में बीजेपी की अगुआई वाले एनडीए को 292 सीटों से संतोष करना पड़ा है। हालांकि, उसने बहुमत के 272 के आंकड़े को पार कर लिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता की बागडोर संभालेंगे। लेकिन मोदी-शाह और अन्य भाजपा नेताओं के 400 पार के नारे को जनता का समर्थन नहीं मिला। लेकिन सीटों की संख्या घटने से मार्केट सेंटिमेंट्स कमजोर हुआ और मंगलवार (4 जून) को नतीजों का असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला था।

एग्जिट पोल के बाद अडाणी के शेयरों में आई थी तेजी
इससे पहले शनिवार को एग्जिट पोल के नतीजों से बाजार सोमवार को झूम उठा था। निफ्टी और सेंसेक्स में ऐतिहासिक बढ़त देखने को मिली थी। इस दौरान गौतम अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में बंपर खरीदारी देखने को मिली थी। लेकिन अडाणी पोर्ट्स और अडाणी एंटरप्राइजेस चुनाव नतीजों के दौरान करीब 20 फीसदी तक गिरे। आज बुधवार को भी इन दोनों शेयरों में बिकवाली जारी है। दोनों स्टॉक्स 3 से 5 फीसदी की गिरावट का सामना कर रहे हैं।

(खबर अपडेट की जा रही है)