Stock Market: वित्त वर्ष की शुरुआत के बाद भारतीय शेयर बाजार रॉकेट बना हुआ है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन स्टॉक मार्केट के प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स ने ऑलटाइम हाई लेवल पर पहुंच गए। BSE Sensex ने इतिहास में पहली बार 75,000 का स्तर छुआ। 9 अप्रैल को शुरुआती कारोबार में सेंसक्स 75,100 के ऊपर निकल गया। जबकि Nifty ने भी 22,768 का हाई बनाया। सोमवार को भी शेयर बाजार ने सर्वोच्च स्तर हासिल किया था। बता दें कि सेंसेक्स ने 3 महीने से भी कम समय में 5000 प्वाइंट की ग्रोथ दर्ज की है। जिसमें रिलायंस समेत चार स्टॉक का अहम योगदान है। 

बीते दिसंबर में सेंसेक्स 70 हजार पहुंचा
बीएसई सेंसेक्स ने 11 दिसंबर, 2023 को 70,000 के स्तर पर पहुंचा था। इसने यहां से सिर्फ 82 दिनों में करीब 7.2% ग्रोथ के साथ पहली बार 75,000 अंक का ऐतिहासिक स्तर हासिल किया। सेंसेक्स आज 9 अप्रैल को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा। इसकी 5 हजार प्वाइंट की बढ़त में चार शेयरों का 60 फीसदी से ज्यादा योगदान रहा है। इनमें मुख्य रूप से रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL), भारतीय स्टेट बैंक (SBI), भारती एयरटेल लिमिटेड (Airtel) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड (TCS) शामिल हैं। 

इंडेक्स के 12 शेयरों में 5% तक का उछाल
सेंसेक्स की रैली के दौरान इन चारों शेयरों का मार्केट कैप 7.31 लाख करोड़ रुपए बढ़ा। जिसने सेंसेक्स के मार्केट कैप को बढ़ाने में 61.43% का योगदान दिया। इस रैली में अकेले रिलायंस इंडस्ट्रीज की 29 प्रतिशत से ज्यादा भूमिका रही। इस दौरान सेंसेक्स के 12 शेयरों में 1-5 फीसदी का उछाल आया, वहीं 10 शेयरों में गिरावट आई। जानकारों का कहना है कि बाजार में तेजी की खासियत इसके नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने की प्रवृत्ति है, यह प्रवृत्ति अमेरिकी और भारतीय दोनों बाजारों में नजर आती है। भारत में ऑटोमोबाइल, बैंकिंग और मेटल जैसे सेक्टर में बढ़त बनी हुई है। जबकि इंडियन इकोनॉमी के लचीलेपन से म्यूचुअल फंड में इंवेस्टमेंट फ्लो जारी है। 

RIL में जारी रह सकती है तेजी: एनालिस्ट
मार्केट एनालिस्ट ने रिलायंस में तेजी का अनुमान जताया है। इसमें दिसंबर से करीब 21 प्रतिशत उछाल आया है। रिलायंस की ग्रोथ में वित्त वर्ष 2015 में टेलीकॉम फीस में वृद्धि, 5जी को बढ़ाने की पहल और तेल की कीमतों में बढ़त शामिल है। इससे रिलायंस के तेल-से-रसायन (ओ2सी) बिजनेस को फायदा मिल सकता है। विश्लेषकों ने सोलर और हाइड्रोजन जैसे नए एनर्जी बिजनेस में 10 अरब डॉलर के निवेश को भी अहम माना है। ऐसे में रिलायंस हाई वैल्यूएशन पर हिस्सेदारी बेचती है तो कम समय के लिए बाजार में उत्साह पैदा हो सकता है। तीसरी तिमाही में कंपनी के अच्छे नतीजों की उम्मीद भी है। 

आज बाजार का क्या हाल है?
सेंसेक्स और निफ्टी दोनों नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर ट्रेड करने के बाद प्रॉफिट बुकिंग के कारण थोड़ा नीचे आए हैं। शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स में 4 प्रतिशत का उछाल आया, जबकि बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप करीब 11 प्रतिशत और 8 प्रतिशत बढ़ गए। 

(अस्वीकरण: शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के आधीन है। यहां Haribhoomi.com ने निवेश के लिए किसी प्रकार की सलाह नहीं दी है। कोई भी निवेश करने से पहले मार्केट एक्सपर्ट्स की राय जरूर लें)