Logo
मंगलवार को फेमस कन्नड़ एक्टर दर्शन और उनकी पार्टनर पवित्रा गौड़ा को बेंगलुरु पुलिस ने हत्या के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच में कई रहस्य उजागर हुए हैं। जानिए मर्डर मिस्ट्री का पूरा मामला...

Actor Darshan Thoogudeepa arrested in Murder case: कर्नाटक के बेंगलुरु में हुए गुमनाम मर्डर की गुत्थी अब तक सुलझी नहीं है। मामला रेणुकास्वामी नाम के शख्स की हत्या से जुड़ा है। पुलिस को इस मर्डर की भनक तब लगी, जब गली के आवारा कुत्ते शव को नाले से घसीट रहे थे। रेणुकास्वामी हत्या के मामले में कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता दर्शन थूगुदीप का नाम सामने आया है। बेंगलुरु पुलिस ने 11 जून को एक्टर दर्शन और उनकी कथित दूसरी पत्नी (गर्लफ्रेंड) पवित्रा गौड़ा को रेणुकास्वामी मर्डर केस में संलिप्त होने की आशंका के चलते गिरफ्तार कर हिरासत में लिया है।

मर्डर मिस्ट्री के पीछे हैं 3 बड़े नाम
पुलिस को शक है कि बेंगलुरु में 33 साल के रेणुकास्वामी की हत्या के पीछे सुपरस्टार दर्शन का हाथ है। अब तक इसमें 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। हर पहलू से इस मामले की जांच हो रही है। लेकिन सवाल ये उठ रहा है कि इस केस में एक्टर की गर्लफ्रेंड पवित्रा का क्या कनेक्शन है? दरअसल इस मर्डर मिस्ट्री के तीन अहम किरदार हैं- पहला रेणुकास्वामी, दूसरा कन्नड एक्टर दर्शन और तीसरा नाम है एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा। ये मर्डर मिस्ट्री किसी फिल्म के प्लॉट की तरह है। आखिर इन तीनों का इस हत्याकांड से क्या कनेक्शन है, आइए आपको बताते हैं।

कौन हैं पवित्रा गौड़ा और क्या है कनेक्शन
पवित्रा गौड़ा कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस हैं। वह अभिनेता दर्शन थूगुदीप की पार्टनर भी हैं। वह 10 साल से दर्शन के साथ रिलेशनशिप में हैं। जबकि दर्शन पहले से शादीशुदा और एक बेटे के पिता हैं। पवित्रा लाइमलाइट में तब आईं जब  जनवरी 2024 में दर्शन की पहली पत्नी वियजालक्ष्मी और पवित्रा गौड़ा के बीच सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी थी।

वियजालक्ष्मी ने दर्शन और अपने बेटे के साथ एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर डाली थी, जिसके कुछ ही घंटों बाद पवित्रा ने भी दर्शन और अपने बेटी के साथ कोलाज फोटो वाला एक वीडियो पोस्ट कर दिया था। इसके साथ पवित्रा ने कैप्शन में लिखा था- 'हमें साथ एक दशक हो गया... आगे भी हमेशा साथ रहेंगे... हमारे रिश्ते को 10 साल पूरे हुए'। इसके बाद विजयालक्ष्मी ने गुस्से में पवित्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी।

दर्शन पर भड़के फैंस
दर्शन ने लगभग 50 कन्नड़ फिल्मों में काम किया है और अपनी लगातार हिट फिल्मों के लिए 'बॉक्स ऑफिस सुल्तान' के नाम से जाने जाते हैं। उनका कर्नाटक में बहुत बड़ा फैन बेस है। वहीं दर्शन के साथ पवित्रा के कथित संबंधों को लेकर उनके कई प्रशंसक उनसे नाराज भी थे।

दर्शन का फैन था रेणुकास्वामी
पुलिस का कहना है कि रेणुकास्वामी दर्शन का फैन था और उसने कथित तौर पर पवित्रा गौड़ा को सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट और आपत्तिजनक मैसेज भेजे थे। जिस बात से एक्टर दर्शन काफी गुस्से में थे। पुलिस ने रेणुकास्वामी हत्या मामले में एक्टर को हिरासत में लिया है और अभी पूछताछ जारी है।

पुलिस के मुताबिक, जब दर्शन को इन अश्लील संदेशों के बारे में पता चला, तो उन्होंने रेणुकास्वामी के सोशल मीडिया को खंगाला जिसमें पता चला कि वह 200 किमी दूर चित्रदुर्ग का रहने वाला है। इसके बाद दर्शन ने कथित तौर पर राघवेंद्र नाम के शख्स से संपर्क किया, जो उसी शहर में 'अभिनेता दर्शन फैन क्लब' का प्रमुख है। अभिनेता ने राघवेंद्र से रेणुकास्वामी को बेंगलुरु लाने के लिए कहा थी। इस मामले के आरोपियों में राघवेंद्र भी शामिल है।

8 जून को हुई रेणुकास्वामी की हत्या
रेणुकास्वामी कर्नाटक के चित्रदुर्ग का रहने वाला था जो एक फार्मेसी कंपनी में काम करता था। उसकी लाश 9 जून को कामाक्षीपल्या के पास एक नाले में मिली थी। कुत्ते उसकी लाश को नोच रहे थे। पुलिस का कहना है कि रेणुकास्वामी की हत्या 8 जून को की गई थी। जानकारी के मुताबिक, उसकी हत्या सुमनहल्ली ब्रिज पर की गई और बाद उसे नाले में फेंक दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, जब वे इस हत्या का मामला दर्ज कर रहे थे और पीड़ित की पहचान करने की कोशिश कर रहे थे, तब 4 लोग कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन पहुंचे और दावा करने लगे कि उन्होंने पैसों के विवाद को लेकर आरआर नगर के पास एक शेड में रेणुकास्वामी की हत्या कर दी।

एक्टर के कहने पर की गई हत्या
जब पुलिस ने आत्मसमर्पण करने वाले लोगों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले तो उन्हें मामला भ्रमित करने वाला लगा। लेकिन आरोपियों से कड़ी पूछताछ के दौरान पता चला कि अभिनेता दर्शन के कहने पर ही रेणुकास्वामी का अपहरण किया गया था और शेड में उसकी हत्या की गई थी। बेंगलुरु कमिश्नर के अनुसार, मामले में सीसीटीवी फुटेज और टेक्नीकल जांच से मामला साफ होता गया। 

मंगलवार की सुबह, पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने कन्नड़ एक्टर दर्शन को मैसूर से गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ के लिए बेंगलुरु लाया गया और अन्य आरोपियों के साथ अदालत में पेश किया गया। अभिनेता को 6 दिन की पुलिस हिरासत में रखा गया है। 

5379487