Maggie Smith Death: हॉलीवुड की सबसे पॉपुलर फिल्म 'हैरी पॉटर' में  प्रोफेसर मैकगोनागल का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री मैगी स्मिथ का निधन हो गया है। उन्होंने 27 सितंबर को 89 की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके बेटे क्रिस लार्किन और टोबी स्टीफंस ने एक स्टेटमेंट जारी करते हुए अभिनेत्री के निधन की पुष्टि की। वह अपने आखिरी समय में लंदन के अस्पताल में भर्ती थीं जहां उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा।

मैगी स्मिथ के परिवार के प्रवक्ता ने उनके निधन की जानकारी देते हुए बयान दिया- ‘हमें बहुत दुख के साथ ये सूचित करना पड़ रहा है कि मैगी स्मिथ अब हमारे बीच नहीं रहीं। वो अपने पीछे दो बेटे और पांचे पोते-पोतियों को छोड़ गईं, जो अपनी मां और दादी को खोने से सदमे में हैं।

जीते थे 2 ऑस्कर अवॉर्ड
मैगी स्मिथ हॉलीवुड सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस थीं। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से दो ऑस्कर अवॉर्ड भी जीता था। इसके अलावा वह 4 बार एमी अवॉर्ड्स भी अपने नाम कर चुकी थीं। वह 1950 से हॉलीवुड इंडस्ट्री में एक्टिव थीं। मैगी स्मिथ ने अपने लंबे करियर में पर्दे पर एक से बढ़कर एक किरदार निभाए थे। सबसे ज्यादा उन्हें हैरी पॉटर फिल्म में प्रोफेसर मैकगोनागल के किरादर के लिए पसंद किया गया था। वह हैरी पॉटर फ्रेंचाइजी की सातों फिल्मों का हिस्सा थीं।

मैगी स्मिथ को पॉपुलर टीवी सीरीज डाउनटन एबे की मूवी स्पिन-ऑफ के लिए भी जाना जाता है। इस शो में उन्होंने डॉवेजर काउंटेस के किरदार में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने  द प्राइम ऑफ मिस जीन ब्रॉडी के लिए अपना पहला ऑस्कर अवॉर्ड जीता था और दूसरा अवॉर्ड 'कैलिफोर्निया सूट' के लिए मिला था। वह 6 दशक तक इंडस्ट्री में एक्टिव रहीं।