Haniya Aslam Passes Away: मशहूर पाकिस्तानी म्यूजिशियन और 'कोक स्टूडियो' से पहचान बनाने वालीं गायिका हानिया असलम का निधन हो गया है। उन्हें 11 अगस्त को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी उम्र महज 39 साल थी।

उनके म्यूजिक बैंड का नाम जेब-हानिया था जो म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी पॉपुलर था। उन्होंने इम्तियाज अली निर्देशित फिल्म 'हाईवे' में आलिया भट्ट के लिए गाना गाया था।

ज़ेब बंगश ने दी जानकारी
हानिया असलम के निधन की जानकारी उनकी कजन जेब बंगश जो जेब-हानिया बैंड की पूर्व सदस्य थीं, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी है। जेब ने अपने पोस्ट में हनिया असलम की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। हनिया असलम के निधन पर पाक से लेकर हिंदुस्तान के संगीत की दुनिया के कलाकार सोशल मीडिया पर शोक जता रहे हैं।

हिंदी संगीतकार स्वानंद किरकिरे ने जताया शोक
बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिशियन स्वानंद किरकिरे ने अपने एक्स हैंडल पर हनिया के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा, 'मेरी प्रिय दोस्त हनिया असलम (फ्रॉम जेब और हनिया बैंड) हमें छोड़कर चली गईं। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, हनिया की आत्मा को शांति मिले। इसके अलावा सोशल मीडिया पर कई फैंस और कोक स्टूडियो लवर्स हनिया के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।

कौन थीं हानिया असलम?
हानिया पाकिस्तानी संगीत उद्योग में एक मशहूर गायिका थीं। उन्होंने ज़ेब बंगश के साथ लोकप्रिय बैंड ज़ेब और हनिया की स्थापना की थी, जो पहला पाकिस्तानी पूर्ण महिला बैंड बन गया। उन्हें कोक स्टूडियो पाकिस्तान में 'चल दिए' गाने से बहुत पॉपुलैरिटी मिली थी। 2014 में, वह सोलो संगीत में करियर बनाने के लिए कनाडा चली गई थीं।

ज़ेब और हनिया ने भारतीय कलाकारों के साथ भी कोलैबोरेशन किया था। उन्होंने मशहूर संगीतकार ए आर रहमान के साथ फिल्म हाईवे (2014) में 'सोहा साहा' गाने में आवाज दी थी। इस गाने से आलिया भट्ट का बतौर सिंगर डेब्यू हुआ।