Pankaj Udhas Funeral: मशहूर गजल गायक पंकज उधास का सोमवार को 72 साल की उम्र में मुंबई के बीच क्रैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से पैनक्रियाज कैंसर से जूझ रहे थे। अंतिम दर्शन ने लिए उनका पार्थिव शरीर मंगलवार को घर लाया गया है, जिन्हें देखने के लिए सुबह से लोग जुट रहे हैं।

पंकज उधास की बेटी नायाब उधास ने सोमवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने पिता के निधन की जानकारी दी थी। आज 27 फरवरी को दोपहर 3 बजे से शाम के 5 बजे के बीच मुंबई के वर्ली इलाके स्थित हिंदू क्रिमेटोरियम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसी बीच दिवंगत पंकज उधास का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया है।

इस दौरान उनकी बेटी रेवा उधास भावुक होती नजर आईं। उनकी आंखों से आंसू छलक उठे। पिता के जाने के गम में उनकी दोनों बेटियां टूट गईं। 

पंकज उधास के अंतिम दर्शन के लिए सेलेब्स उनके मुंबई स्थित घर पहुंच रहे हैं। प्लेबैक सिंगर शंकर महादेवन भी गजल गायक को श्रद्धांजलि देने घर पहुंचे।

मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन भी पंकज उधास के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर के दर्शन किए। उनके साथ गायक के अन्य मित्र व करीबी दोस्त भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

'चिट्ठी आई है...', 'और आहिस्ता कीजिए बातें...' जैसे मशहूर गजलों से प्रसिद्ध हुए पकंज उधास आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्होंने अपने करियर में 300 से ज्यादा गीत गाए थे। फिल्मी गीतों के साथ ही पंकज उधास ने विदेश में भी शोज के माध्यम से अपनी आवाज का जलवा बिखेरा। पंकज उधास की गायकी का सफर 6 साल की उम्र में ही शुरू हो गया था। एक बार उन्होंने अपने इंटरव्यू में बताया था कि स्कूल में प्रार्थना के बाद उन्हें काफी सराहना मिली। इससे प्रेरित होकर उन्होंने आगे भी गाना गाते रहने का फैसला किया।

.