Sonu Nigam on Trolling: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों ने देशभर में खलबली मचा दी। सबसे ज्यादा हैरानी उत्तर प्रदेश राज्य के प्रदर्शन पर रही। अयोध्या की हॉट सीट फैजाबाद लोकसभा सीट पर बीजेपी की हार ने लोगों को हैरान कर दिया। अयोध्या में बने राम मंदिर के लिए प्रसिद्ध ये सीट बीजेपी का गढ़ थी लेकिन इस लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भाजपा को शिकस्त दी। अयोध्या और राज्य में भाजपा की हार के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के तरह-तरह के रिएक्शन्स देखने को मिले।

हूबहू सोनू निगम के नाम से था ट्वीट
बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम भी इसको लेकर विवादों में घिर गए। दरअसल 4 जून को आए लोकसभा चुनाव के नतीजों में अयोध्या से बीजेपी प्रत्याशी की हार को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। इसमें सोनू निगम भी निशाने पर आ गए। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर हूबहू उनके नाम से एक पोस्ट किया गया था जिसमें अयोध्यावासियों को खरी-खोटी सुनाई गई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद प्लेबैक सिंगर सोनू निगम को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया था। अभिनेता ने इसपर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

 

दरअसल सोनू निगम के नाम से किया गया ये पोस्ट फेक है। ये पोस्ट सोनू निगम सिंह नाम के यूजर के पेज से किया गया था। जबकि सिंगर सोनू एक्स प्लेटफॉर्म पहले ही छोड़ चुके हैं। हूबहू नाम की वजह से लोगों ने उस यूजर को सोनू निगम समझ लिया और उन्हें खूब ट्रोल किया।

क्या कहा सिंगर सोनू निगम ने?
सिंगर ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा- "मुझे आश्चर्य है कि समाचार चैनलों सहित जिन लोगों ने मुझे गलत समझा, उन्होंने उस अकाउंट का बायो या विवरण तक नहीं पढ़ा और ना जांच की। उस हैंडल पर सोनू निगम सिंह लिखा है और बायो में लिखा है कि वह बिहार के एक क्रिमिनल लॉयर हैं।"

सोनू निगम ने आगे कहा- "इसी गंदगी की वजह से मैं सात साल पहले ट्विटर छोड़ने पर मजबूर हुआ था। मुझे पॉलिटिकल कमेंट्स करने का शौक नहीं है... मैं सिर्फ अपने काम पर फोकस करने में ध्यान देता हूं। लेकिन यह घटना न केवल मेरे लिए, बल्कि मेरे परिवार की सुरक्षा के लिए भी चिंताजनक है।"