Logo
हम अकसर ही बात-बात पर झुंझलाते हैं, इरिटेट होते हैं, टेंशन में आ जाते हैं। हमें समझ में ही नहीं आता कि यह हो क्यों रहा है? इन मन:स्थितियों में लंबे समय तक रहना हमारी मेंटल हेल्थ के लिए सही नहीं है। इससे हम कैसे बचें, एक बहुत ही जरूरी सलाह। 

Behaviour Tips: नितिन सुबह से ही देख रहा था, पत्नी साक्षी का मूड उखड़ा-उखड़ा है। बार-बार उसका मूड स्विंग हो रहा है। कुछ भी पूछने पर अजीब-सा जवाब मिलता। ऐसा भी नहीं था पति-पत्नी के बीच कोई झगड़ा हुआ हो। नितिन समझ नहीं पा रहा था कि साक्षी जाने क्यों ऐसा व्यवहार कर रही है? उधर साक्षी को ना कुछ करना अच्छा लग रहा था, ना ही किसी से बात कर रही थी। नितिन एक समझदार पति है, वह जान रहा था कि साक्षी का यह नॉर्मल बिहेवियर नहीं है। अगर उसके बिहेवियर में परिवर्तन है तो जरूर कोई बात है, जो वह इरिटेट हो रही है। 

अगर नितिन की जगह पर कोई दूसरा होता तो घर में कलह होना तय था। साक्षी का इरिटेट होना, कोई बहुत असामान्य बात नहीं है। ऐसा हम सभी के साथ कभी ना कभी होता है। ऐसा प्राय: कभी मौसम बदलने के कारण, कभी प्रेग्नेंसी के दौरान या कुछ मनमुताबिक ना हो पाने या फिर कभी थकी-हारी हुई अवस्था के कारण होता है। स्वयं को समझ में नहीं आता है कि आखिर मन क्यों इतना खिन्न है? जब ऐसा मूड हो जाता है तो मन परेशान हो जाता है, इंसान तनाव में आ जाता है। ऐसी स्थिति में कुछ उपाय अपनाकर इरिटेशन, तनाव से मुक्त हुआ जा सकता है।

पार्क में घूमें: जब भी कभी आप इरिटेशन और तनाव महसूस करें तो पार्क में घूमने निकल जाएं। मानसिक स्वास्थ्य के लिए यह बहुत अच्छा रहेगा। हरे-भरे पेड़-पौधों के बीच में टहलना, नेचर को महसूस करना, चिड़ियों की चहचहाहट को सुनना, हरी-हरी घास के ऊपर बिना स्लीपर के चलना एक थैरेपी का काम करता है। यह काफी फायदेमंद होता है, इससे मन एकदम से तरोताजा हो जाता है। 

कॉमेडी मूवी देखें: कॉमेडी मूवी बनाने वालों का यही उद्देश्य रहता है कि उनकी मूवी लोगों के तनाव, एंग्जाइटी को खत्म करने में मदद करेगी। जब भी आप इरिटेशन या तनाव महसूस करें तो कॉमेडी मूवी या कॉमिक शोज देखकर, अपने आप को तनावमुक्त करें। ऐसी बहुत सी कॉमेडी मूवीज हैं, जिन्हें देखना ऑल टाइम एंज्वॉयमेंट है। इन्हें देखकर तनाव छूमंतर हो जाएगा। 

खुशबूदार चीजों से मूड करें स्विंग: खुशबूदार फूल, इत्र और भीनी-भीनी सुगंध वाले कैंडल्स भी मूड को खुशगवार बना देते हैं। खुशबूदार चीजें जैसे इत्र, फूल या कैंडल्स मूड बदलने में काफी मददगार होते हैं। यदि घर में किसी सदस्य या अपने किसी दोस्त का मूड खराब हो तो उसे खुशबूदार फूलों का बुके दे दें या कोई बढ़िया सा इत्र लगा दें, वह अच्छा फील करेगा, उसकी टेंशन खत्म हो जाएगी। 

फेवरेट पर्सन से करें बातें: हम सभी की जिंदगी में कोई ऐसा दोस्त या परिवार में कोई एक ऐसा सदस्य जरूर होता है, जिससे हम पूरे भरोसे के साथ अपने दिल की बातें साझा कर सकते हैं। इससे मन हल्का हो जाता है। अगर कभी मन में चिंता, दुविधा, चिड़चिड़ाहट और नकारात्मकता भर रही हो तो अपने फेवरेट पर्सन से दिल की बातें कहें, अपनी समस्या बताएं। इससे आपको सही सलाह मिलेगी, इससे आपको इरिटेशन और तनाव दूर करने में मदद मिलेगी।

मोटिवेशनल बुक्स पढ़ें: अच्छी बुक्स पढ़ना बहुत अच्छी आदत है। जब मूड अपसेट हो तो मोटिवेशनल बुक्स मन को शांत करने में काफी हेल्पफुल साबित होती हैं। इसीलिए अपनी पर्सनल लाइब्रेरी में कुछ अच्छी मोटिवेशनल किताबें जरूर रखें। जब दिमाग किसी उलझन में हो तो इन किताबों को पढें, इससे आप रिलैक्स महसूस करेंगी। 

इनके अलावा और भी बहुत सारे उपाय हैं, जिनकी मदद से आप अपने मन की उद्विग्नता, तनाव को खत्म कर सकती हैं। जैसे बच्चों के साथ खेलना, शॉपिंग करना, म्यूजियम घूमने जाना, योगा करना या फिर पेंटिंग, सिंगिंग जैसे क्रिएटिव काम। इससे मन को सुकून मिलेगा, इरिटेशन और तनाव दूर होगा।

कब लें डॉक्टर से सलाह 
कभी-कभार इरिटेशन और एक तनाव महसूस करना, सामान्य सी बात होती है। लेकिन अगर असामान्य रूप से लगातार कोई तनावग्रस्त है। उसका मूड हमेशा खराब रहता है, वह परेशान रहता है, उसे घबराहट और निराशा महसूस होती है। तो तुरंत मनोचिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए, क्योंकि जब लगातार उक्त लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो डॉक्टर ही सही रूप से परीक्षण करके, उसकी इरिटेशन किन मानसिक स्थितियों या शारीरिक कारणों से है, बता सकते हैं। डॉक्टर ही बताएंगे कि इसका सही इलाज कैसे किया जाए?

बिहेवियर
रेखा शाह आरबी

5379487