Health Tips: आजकल भागदौड़ की जिंदगी में लोग अपने शरीर का बिल्कुल ध्यान नहीं रख पाते हैं। वहीं शरीर के हिस्से में दर्द या अचानक कमजोरी महसूस होना, शरीर में दिखने वाले ये लक्षण बीमारी का संकेत देते है। लेकिन बहुत से लोग इसे नजरअंदाज कर देते है। 

जिस तरह भूख, प्यास लगने पर हमारे शरीर को संकेत मिलता है। उसी तरह शरीर में किसी भी तरह की समस्या होने पर उसके लक्षण दिखने लगते हैं। शरीर के किसी भी हिस्से में दर्द होना, शरीर का तापमान अधिक होना या कमजोरी महसूस होना, ये सभी कुछ न कुछ संकेत देते हैं। पोषण की कमी, शरीर के ठीक से काम न करने या किसी अन्य स्वास्थ्य की स्थिति में हमारा शरीर हमें संकेत देता है। जिसे समय रहते ही उसकी जांच करा लेना चाहिए।

आइए हम आपको बताते हैं कि गलती से भी इन बीमारियों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

मसूड़ों से खून आना
मसूड़ों से खून आना हमेशा अस्वस्थ मसूड़ों के कारण नहीं होता है। विटामिन सी की कमी, हार्मोनल असंतुलन, लिवर संबंधी रोग और रक्त विकार भी इसके कारण हो सकते हैं। अगर आपको मसूड़ों से खून आने की समस्या है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसे दूर करने के लिए अपने आहार में सिट्रिक सब्जियां और फल शामिल करें।

बर्फ खाने की इच्छा
बचपन में गर्मी के मौसम में हम अक्सर फ्रिज से बर्फ निकालकर खाते हैं। बर्फ खाने की इच्छा के पीछे एक कारण आपका एनीमिया भी हो सकता है। अगर आपके शरीर में खून की कमी है तो आपको बर्फ खाने की अधिक इच्छा हो सकती है। इसके लिए अपने आहार में आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को अधिक शामिल करें।

शुष्क त्वचा
मौसम बदलने पर त्वचा का शुष्क होना आम बात है, लेकिन अगर शुष्क त्वचा आपको अधिक परेशान कर रही है, तो यह शरीर में पोषण की कमी के कारण हो सकता है। शरीर में विटामिन ई की कमी होने से त्वचा रूखी हो जाती है। अपने आहार में विटामिन ई से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे अंडे, पालक, बादाम और सूरजमुखी के बीज शामिल करें।

पैरों में दर्द होना
एक बहुत ही आम समस्या है लेकिन इस पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। यदि आप पैर दर्द का अनुभव कर रहे हैं, तो यह मैग्नीशियम या विटामिन डी की कमी के कारण हो सकता है। पैरों में दर्द शरीर में पानी की कमी या मांसपेशियों की थकान के कारण भी हो सकता है। विटामिन डी और मैग्नीशियम की कमी को दूर करने के लिए आपके आहार में दूध, दही, मछली, कद्दू के बीज और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल होनी चाहिए।

नाखूनों का कमजोर होना 
नाखून भी आपके स्वास्थ्य के बारे में बहुत कुछ बताते हैं। अगर आपके नाखून बहुत ज्यादा सफेद दिखते हैं तो इसका मतलब है कि आपके शरीर में खून की कमी है, जबकि पीले नाखून लिवर से जुड़ी समस्याओं का संकेत हैं। नाखूनों का कमजोर होना विटामिन बी की कमी को दर्शाता है। इसके लिए आपको अपने आहार में संतरे, मशरूम, अंडे और सूरजमुखी के बीज को शामिल करना चाहिए।