Constipation Causes: खराब खान-पान और मौसम में बदलाव ये दो बड़ी वजहें होती हैं, जिनके चलते कब्ज की समस्या पैदा हो जाती है। कब्ज अगर लंबे वक्त तक बनी रहे तो ये पेट संबंधी कई बड़ी बीमारियों कारण बन सकती हैं। कब्ज की शिकायत होने पर सुबह पेट ठीक से साफ नहीं हो पाता है और दिनभर काम में मन नहीं लगता है। कई बार छोटी-छोटी गलतियां कब्ज को पैदा करने का कारण बन सकती हैं। आइए जानते हैं इन वजहों के बारे में।

कब्ज होने के कारण

डिहाइड्रेशन - शरीर में अगर पानी की ज्यादा कमी हो जाती है तो ये डिहाइड्रेशन की वजह बनती है। मायोक्लीनिक के मुताबिक डिहाइड्रेशन अगर ज्यादा वक्त तक बना रहे तो खाना ठीक ढंग से पच नहीं पाता है और धीरे-धीरे ये समस्या कब्ज के रूप में तब्दील होने लगती है। 

फिजिकल एक्सरसाइज़ - आजकल की लाइफस्टाइल में फिजिकल एक्सरसाइज़ काफी कम हो गई है। बहुत से लोग दिनभर ऑफिस में बैठकर काम करने लगे हैं। इससे खाना बहुत वक्त तक आंतों में पड़ा रहता है और डाइजेस्ट नहीं होता। ये समस्या आगे चलकर कब्ज में बदल जाती है।

लैक्सेटिव्स - जिन लोगों को अक्सर कब्ज की शिकायत रहती है वे लोग इस समस्या से राहत पाने के लिए लैक्सेटिव का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, इसका लगातार इस्तेमाल करने से आंतों को नुकसान पहुंच सकता है और कब्ज की समस्या ठीक होने के बजाय और बढ़ सकती है। 

मेडिकेशन - कुछ लोगों को कई तरह की बीमारियां होती हैं और इसके लिए वे अलग-अलग तरह की दवाइयों का सेवन करते हैं। ज्यादा दवाइयां खाने से भी पेट में कब्ज की समस्या शुरू होने लगती है। इसके अलावा कुछ बीमारियों के शुरुआती लक्षण के तौर पर भी कब्ज हो सकती है। 

कब्ज से बचाव के तरीके

  • प्रोबायोटिक जैसे दही, छाछ का इस्तेमाल करें।
  • फाइबर रिच फूड्स जैसे गाजर, ब्रोकली, साबुत अनाज खाएं।
  • अंगूर, सेबफल, ब्लैकबेरी, अमरूद जैसे फलों का सेवन करें।
  • कब्ज से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है।
  • सोयाबीन, मूंग दाल, मसूर दाल, राजमा स्टूल ढीला करने में मदद करता है। 
  • रोजाना कम से कम 2 किलोमीटर वॉकिंग करना फायदेमंद है।