Logo
Green Gram Benefits: चने का सेवन करने का तरीका अलग-अलग हो सकता है, लेकिन जब स्वास्थ्य की दृष्टि से फायदे की बात आती है, तो एक ही सवाल उठता है- कौन-सा चना सबसे गुणकारी हरा या सूखा? जानिए-

Green Gram Benefits: चना ऐसा अनाज है, जिसका सेवन आप हरे या सूखने के बाद काले चने के रूप में कर सकते हैं। दोनों ही रूपों में यह स्वास्थ्यवर्धक होता है। चने के ताजे पत्तों को धोकर नमक-मिर्च लगा कर ग्रामीण इलाकों में खूब खाया जाता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है। स्वास्थ्य की दृष्टि से काला (भूरा) चना या देसी चना अधिक गुणकारी माना जाता है। हरा चना जब पक जाता है तब सूखने के बाद देशी चना या काला चना कहलाता है। यह पाचनतंत्र को स्वस्थ करके खून में (आयरन) लोहे की मात्रा बढ़ाकर हीमोग्लोबिन की कमी को पूरा करने में भी सक्षम है। 

चना खाने के अलग-अलग तरीके हैं। कोई दूसरे अनाज के साथ मिलाकर खाता है, कोई पानी में भिगोकर खाता है, तो कोई भुने हुए चने का सेवन करता है। चने को क्षेत्रीय भाषाओं में भिन्न-भिन्न नामों से जाना जाता है। जैसे, छोला, छना, गार्बानो, बीन, मिस्री मटर आदि। यह दो प्रकार के होते हैं। एक देसी भूरे चने, दूसरे सफेद चने या काबुली चने। इसका वैज्ञानिक नाम सिसर एरियेटिनम है। 

हरे चने खाने के लाभ (Benefits of eating green gram)

  • हरे चने की छोटी सी फली होती है, जिसमें हरे चने के दाने होते हैं, इनको टाट भी कहते हैं। इसकी सब्जी भी बनाई जाती है। 
  • हरे चने में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन ई, विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स (विटामिन बी1,  बी2, बी3, बी 5) और विटामिन के भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। 
  • इसमें फाइबर, सोडियम, फोलेट, आयरन, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम, सेलेनियम, पोटैशियम, कैल्शियम, फैट्स, कार्बोहाइड्रेट, डाइटरी फाइबर्स, फैटी एसिड आदि पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य की सभी समस्याओं से छुटकारा दिलाने में मददगार होते हैं। 
  • हरा चना पाचन सुधारने के साथ शरीर में शक्ति का भी संचार करता है।
  • हरे चने या छोलिया का सेवन संक्रमण से बचाव करता है, इम्यूनिटी को प्रबल करता है। हरे चने में मिलने वाला घुलनशील फाइबर ब्लड शुगर को सामान्य रखने में सहायक होता है। इस तरह हरा चना टाइप 2 डायबिटीज  को नियंत्रित करने में सहायक होता है। 
  • हरे चने का सेवन मस्तिष्क को स्वस्थ रखने और स्मरण शक्ति को बढ़ाने में मददगार है। 
  • हरे चने का सेवन आंखों की जलन, लाली को दूर कर आखों की रोशनी बढ़ाने में सहायक है। 
  • चने का सेवन, ह्रदय के रोगियों के लिए बहुत लाभकारी है। इसका सेवन शरीर में बढ़ने वाले  कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित कर ह्रदय को बल प्रदान करता है। इसको भूनकर (रोस्टेड) खाने से कब्ज, गैस, पेटदर्द में लाभ मिलता है। 

हरा चना वजन भी घटाता है (Green gram reduces weight)
हरे चने का सेवन वजन कम करने में भी मददगार होता है, क्योंकि इसका सेवन करने से पेट भरा हुआ महसूस होता है इसीलिए चने का सेवन करने से भूख कम लगती है। अगर आपको थकावट महसूस होती है, शरीर में शिथिलता लगती है तो चने का सेवन आपके लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा। हरे चने या रात को भिगोए हुए काले चनों का सेवन लाभकारी है। इसको रात भर भिगो कर सबेरे पानी निकालकर कपड़े में बांधकर रखने से अगले दिन यह अंकुरित हो जाएंगे जो पौष्टिकता से भरपूर होते हैं। 

यह लेख वैद्य हरिकृष्ण पांडे ‘हरीश’ ने लिखा है। 

5379487