हरतालिका तीज हिंदू धर्म में विवाहित और अविवाहित महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण त्योहार है। इस दिन महिलाएं शिव-पार्वती की पूजा कर उनके आशीर्वाद की कामना करती हैं। इस पर्व पर पूजा की थाली का विशेष महत्व होता है। पूजा की थाली को सही ढंग से सजाना न सिर्फ पूजा की पवित्रता को बढ़ाता है, बल्कि यह देवी-देवताओं की कृपा पाने का माध्यम भी बनता है। इसलिए आज हम आपको बताएंगे कि, हरतालिका तीज पर पूजा की थाली कैसे सजाएं ताकि आपकी पूजा और भी प्रभावशाली हो सके।

थाली की साफ सफाई 

सबसे पहले एक साफ और चौड़ी थाली चुनें, जो आपकी सभी पूजा सामग्री एक साथ रख सके। थाली को अच्छे से धोकर, सुखा लें। इसके बाद थाली को सजाने के लिए आप उस पर हल्दी और कुमकुम से ॐ का चिन्ह बना सकते हैं। क्योंकि इससे थाली पवित्र और शुभ मानी जाती है।

जरुरी सामग्री का सही तरीका 

पूजा की थाली में आपको कुछ विशेष सामग्री रखनी होती है। इनमें रोली, चावल, सिंदूर, फल, फूल, दीपक, मिठाई, पान, सुपारी, नारियल, और कांच का टुकड़ा शामिल है। इन सामग्रियों को व्यवस्थित तरीके से थाली में रखें। फूलों को थाली के किनारों पर सजाएं, जिससे यह और भी सुंगर नजर आए।

दीपक और अगरबत्ती की जगह 

थाली के बीच में एक छोटा सा दीपक रखें। इसके साथ अगरबत्ती का स्टैंड भी रखें। ध्यान रखें कि दीपक और अगरबत्ती जलाने से पहले थाली में उनके लिए स्थान पहले से बना लिया जाए। दीपक का प्रकाश और अगरबत्ती की सुगंध इस पूजा का महत्व और भी बढ़ा देती है।

भगवान की मूर्तियों का स्थान

थाली में छोटी-छोटी शिव-पार्वती की मूर्तियां हैं, तो उन्हें थाली के सामने के हिस्से में रखें। इसके पास ही बेलपत्र, धतूरा, और भगवान शिव को अर्पित किए जाने वाले अन्य फूल रखें। मूर्तियों के सामने एक छोटी कटोरी में जल रखें, जो पूजा के दौरान अभिषेक के लिए उपयोग किया जाएगा।

सजावट के लिए विशेष सामग्री

पूजा की थाली को और भी सुंदर बनाने के लिए आप रंगीन मोतियों, चमकीले स्टिकर्स, और फूलों की माला का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा, थाली को सजाने के लिए आप गोल्डन या सिल्वर पेपर का भी उपयोग कर सकते हैं। आप चाहें तो थाली के चारों ओर रेशमी धागा लपेटकर उसे और भी आकर्षक बना सकते हैं।