Logo
Doctor advice: क्या आपको भी सुबह उठने के बाद शरीर में दर्द और जकड़न महसूस होती है? अगर हां, तो आपको इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। ऐसे ही तमाम सवालों के जवाब के लिए हरिभूमि लेकर आया आपके लिए Ask Me मतलब यहां आप अपनी हेल्थ के जुड़े सवाल पूछ सकते है।

डॉक्टर एडवाइस 
डॉ.आर.पी. सिंह ( Dr. RP Singh)
सीनियर फिजिशियन, एनसीआर

Doctor Advice: क्या आपको भी सुबह उठने के बाद शरीर में दर्द और जकड़न महसूस होती है? अगर हां, तो आपको इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कभी-कभार ऐसा होना नॉर्मल है, लेकिन अगर रोज ही ऐसा होता है, तो आपको सतर्क हो जाना चाहिए। ये तो सिर्फ एक समस्या है। हेल्थ से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं। यदि आपके साथ कोई प्रॉब्लम है और उससे जुड़ा कोई सवाल पूछना चाहते हैं, बेझिझक हमें सवाल भेज सकते हैं। जी हां, ऐसे ही तमाम सवालों के जवाब के लिए हरिभूमि लेकर आया है Ask Me मतलब डॉक्टर की सलाह। इसके तहत आप हेल्थ से जुड़े सवालों को देश के जाने-माने डॉक्टर से पूछ सकते हैं।

स्वास्थ्य से जुड़े कुछ सवालों के जवाब नीचे दिए हुए है... 

सवाल: मेरी उम्र 66 वर्ष है। सुबह सोकर उठते समय घुटनों में और शरीर के अन्य जोड़ों में दर्द-जकड़न महसूस होती है। देर तक बैठने के बाद उठने पर भी ऐसा होता है। क्या यह अर्थराइटिस का लक्षण है? मुझे क्या करना चाहिए? -अजीत, बिलासपुर
जवाब: यह समस्या आपको इस मौसम में हो रही है या पूरे साल रहती है? क्योंकि कई बार बारिश के मौसम में इस तरह की समस्या देखी जाती है और एक बार मूवमेंट शुरू होने पर ठीक हो जाता है। अगर पूरे साल ऐसी समस्या होती है तो जरूर आपको एक बार हड्डी रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। क्योंकि मौजूदा लाइफस्टाइल में विटामिन डी और कैल्शियम की कमी कई लोगों में देखी जा रही है। जिस वजह से भी यह समस्या आती है। आपकी उम्र भी बढ़ रही है इसलिए बेहतर होगा कि आप एक बार डॉक्टर से संपर्क कर जांच करवा लें।

सवाल: मेरी उम्र 34 वर्ष है। बाकी मौसमों की तुलना में बरसात के मौसम में मेरे बाल बहुत अधिक झड़ने लगते हैं। कृपया इस प्रॉब्लम का सॉल्यूशन बताएं। -स्वप्निल, रायपुर
जवाब: बारिश के महीने में बाल झड़ने के कई कारण होते हैं। पहले इस मौसम में कई बार पानी खराब यानी दूषित आता है, जिससे बाल झड़ते हैं। दूसरा, बालों में नमी रहती है, बाल जल्दी सूखते नहीं हैं और इस वजह से भी बाल झड़ने की समस्या आती है। इसलिए कोशिश करें कि आप बाल साफ पानी से ही धोएं और जब बाल काढ़ें तो पूरी तरह से सूख चुके हों। नमी वाले बालों को कभी ना खींचें। इस तरह आपको राहत मिल सकती है।

सवाल: मेरी उम्र 44 वर्ष है। घर से बाहर निकलने पर मेरी आंखों में पानी आने लगता है, ईचिंग होती है। कभी-कभी आंखों में सूजन भी आ जाती है। कृपया मेरी इस समस्या का समाधान बताएं। -दुर्गेश, रोहतक
जवाब: आपकी समस्या सुनकर ऐसा लग रहा है कि आप जहां रहते हैं, वहां पॉल्यूशन अधिक है। इसलिए जब आप घर से बाहर निकलते हैं तो आंखों में ईचिंग और आंसू निकलना शुरू हो जाते हैं। इसके लिए कोशिश करें कि जब आप घर से बाहर निकलें तो आंखों में चश्मा जरूर पहनें, जिससे पॉल्यूशन अंदर ना जाए। इसके साथ ही डॉक्टर से संपर्क कर आंखों की ड्रॉप ले लें और ईचिंग होने पर उसे डालें।

सवाल: मेरी उम्र 58 वर्ष है। मुझे भूख बहुत कम लगती है। कुछ भी खाने के बाद खट्टी डकारें आने लगती हैं। कभी-कभी पेट में दर्द भी होने लगता है। ऐसे में मुझे क्या करना चाहिए, कृपया उचित समाधान बताएं। -महेंद्रनाथ, बस्तर
जवाब: भूख कम लगने के कई कारण हो सकते हैं। सामान्य तौर पर पाचन क्रिया ठीक से काम ना करने की वजह से इस तरह की समस्या देखी जाती है। पहले आप अपना खान-पान ठीक करें। दोपहर में खाने के साथ सलाद, छाछ या दही जरूर लें और रात में हल्का खाना खाएं। इस तरह आपको समस्या से राहत मिल जाएगी। अधिक तला-भुना और ऑयली खाना भी बंद कर दें।

सवाल: मेरी उम्र 37 वर्ष है। दो साल पहले मेरे गाल ब्लैडर में स्टोन डिटेक्ट हुआ। कभी-कभार पेट में दर्द होता है, दवा खाने पर ठीक हो जाता है। प्लीज बताएं क्या ऑपरेशन कराना जरूरी है या दवा से कंट्रोल रहेगा? -रोहित, भोपाल
जवाब: स्टोन ऑपरेशन से निकलेगी या बगैर ऑपरेशन के निकलेगी, यह उसके साइज पर डिपेंड करता है। अगर साइज छोटा है तो दवा से निकल सकता है लेकिन अगर साइज बड़ा है तो आपको ऑपरेशन ही कराना पड़ेगा। जांच कर यह आपको डॉक्टर ही ठीक से बता सकते हैं।

सवाल: मेरी उम्र 61 वर्ष है। मेरा बीपी कभी हाई कभी लो होता रहता है। इस वजह से कोई फिक्स दवा रेग्युलर नहीं खा पाता हूं। बीपी कंट्रोल करने के लिए मुझे क्या करना चाहिए? -जयकिशन, जांजगीर चांपा
जवाब: इस तरह की समस्या होने पर बीपी को नियमित रूप में जांचते रहें। घर पर आप बीपी मशीन रख लें और रोज सुबह चेक करें। उसी के अनुसार आपको दवा लेनी चाहिए। इसके साथ ही आप प्राणायाम करें और भरपूर नींद लें। इससे आपको समस्या से राहत मिलेगी।

नोट: अगर आपको भी घर बैठे फ्री में किसी हेल्थ टॉपिक पर डॉक्टर का कंसल्ट चाहिए हो तो आप हरिभूमि.कॉम के मेल आईडी- hbdigitalfirst@gmail.com पर अपने सवाल भेज सकते है।

5379487