Aam Panna Recipe: गर्मियों का मौसम आम का मौसम होता है और ऐसे में आम से बनी हर चीज़ का स्वाद ही अलग होता है। उन्हीं में से एक है आम का पन्ना। ये एक पारंपरिक भारतीय पेय जो न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि लू और गर्मी से बचाने में भी बेहद असरदार माना जाता है। खासकर उत्तर भारत में आम का पन्ना गर्मियों की पहचान बन चुका है। इस देसी हेल्थ ड्रिंक को पीने से दिनभर ताजगी महसूस होती है और आम का पन्ना पाचन में सुधार लाने में भी मदद करता है।
आमतौर पर इसे कच्चे आमों को उबालकर तैयार किया जाता है, लेकिन आज हम आपको बताएंगे एक ऐसा तरीका जिसमें आप सिर्फ 10 मिनट में आम का पन्ना घर पर बना सकते हैं वो भी बिना उबाले। आइए जानें इस हेल्दी, टेस्टी और रिफ्रेशिंग ड्रिंक को झटपट बनाने का आसान तरीका।
आम का पन्ना बनाने के लिए सामग्री
कच्चे आम – 1 (मीडियम साइज)
पुदीना पत्ते – 10-12
भुना जीरा पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
काला नमक – स्वादानुसार
सादा नमक – एक चुटकी
चीनी या गुड़ – 2 बड़े चम्मच (स्वादानुसार)
ठंडा पानी – 2 गिलास
बर्फ के टुकड़े – इच्छानुसार
इसे भी पढ़ें: Gond Katira Sharbat: गोंद कतीरा का शरबत रखेगा तरोताज़ा, इस तरीके से बनाकर पिएं, मिलेंगे 4 बड़े फायदे
आम का पन्ना बनाने की विधि
सबसे पहले कच्चे आम को धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अगर आपके पास मिक्सर है तो उबालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मिक्सर जार में आम के टुकड़े, पुदीना पत्ते, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, सादा नमक और चीनी या गुड़ डालें।
अब इसमें थोड़ा सा ठंडा पानी डालकर अच्छे से ब्लेंड कर लें जब तक एक स्मूद पेस्ट न बन जाए।
इस पेस्ट को एक बर्तन में निकालें और बाकी ठंडा पानी डालकर अच्छे से मिक्स करें।
अंत में गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें और ऊपर से पन्ना डालें। चाहें तो पुदीना पत्ता और जीरा पाउडर से गार्निश करें।
इसे भी पढ़ें: Hara Bhara Kabab: पालक, हरी मटर से बनाएं हरा भरा कबाब, जो खाएगा नहीं भूलेगा स्वाद, बच्चे भी करेंगे डिमांड
आम पन्ना के फायदे
- यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है।
- लू से बचाने में मदद करता है।
- शरीर को ठंडक और ऊर्जा देता है।
- बच्चों और बड़ों सभी के लिए फायदेमंद।