Bael Sharbat: जब गर्मी अपने चरम पर हो और शरीर तरावट की मांग कर रहा हो, तब बेल का शरबत एक संजीवनी की तरह काम करता है। बेल फल न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसके अंदर सेहत का खजाना भी छिपा होता है। यह पारंपरिक भारतीय पेय न केवल लू से बचाता है, बल्कि पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है। गांव की गलियों से लेकर शहरों की रसोई तक, बेल का शरबत हर गर्मी में ताजगी का पर्याय बन चुका है।
बेल के फल में प्राकृतिक ठंडक होती है जो शरीर को अंदर से ठंडा रखती है और डिहाइड्रेशन से बचाती है। इसमें मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को डिटॉक्स करते हैं। खास बात यह है कि बेल का शरबत बनाना बेहद आसान है और इसमें कोई कृत्रिम तत्व नहीं डाले जाते। आइए जानते हैं बेल का शरबत बनाने की आसान विधि, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत भी देगी।
बेल का शरबत बनाने के लिए सामग्री
1 मध्यम आकार का पका हुआ बेल
4–5 टेबलस्पून चीनी (स्वादानुसार)
4–5 गिलास ठंडा पानी
बर्फ के टुकड़े (इच्छानुसार)
एक चुटकी काला नमक (वैकल्पिक)
पुदीने की पत्तियां सजावट के लिए (वैकल्पिक)
इसे भी पढ़ें: Bhel Recipe: कुरकुरी मसालेदार भेल का स्वाद है लाजवाब, 5 मिनट में इस तरीके से बनाएं, चाव से खाएंगे सभी
बेल का शरबत बनाने की विधि
बेल तोड़ें और गूदा निकालें: सबसे पहले बेल को किसी भारी चीज़ से हल्का तोड़ें और उसका गूदा एक बर्तन में निकाल लें। यह गूदा बहुत ही रेशेदार और गाढ़ा होता है।
गूदा पानी में भिगोएं: अब इस गूदे में 2–3 गिलास पानी डालें और हाथ या चम्मच की मदद से अच्छे से मसलें ताकि सारा रस पानी में घुल जाए। इसे लगभग 10 मिनट तक भीगने दें।
इसे भी पढ़ें: Suji Upma: गर्मी में परफेक्ट नाश्ता है सूजी उपमा, 10 मिनट में करें तैयार, मिलेगा भरपूर पोषण
छानें: अब इस मिश्रण को छानकर रेशों और बीजों को अलग कर लें। छानने के बाद जो तरल बचे, उसमें आवश्यकता अनुसार पानी और चीनी मिला लें।
फ्लेवर बढ़ाएं: स्वाद को और निखारने के लिए आप एक चुटकी काला नमक मिला सकते हैं। चाहें तो थोड़ा सा नींबू का रस भी डाल सकते हैं जिससे स्वाद में हल्की खटास आए।
सर्व करें: अब इसमें बर्फ के टुकड़े डालें और चाहें तो पुदीने की पत्तियों से गार्निश करें। बेल का ठंडा शरबत सर्व करने के लिए तैयार है।