Bread Aloo Paratha: आलू पराठा का नाम सुनते ही कई लोगों के मुंह में पानी आने लगता है। आलू का पराठा टेस्टी बनाने के लिए इसे कई तरह से बनाया जाता है। आज हम आपको ब्रेड आलू पराठा बनाने की रेसिपी बताएंगे। वीकेंड पर बच्चों को कुछ टेस्टी और हटकर खिलाना चाहते हैं तो उन्हें नाश्ते में ब्रेड आलू पराठा सर्व कर सकते हैं। इसके बेहतरीन स्वाद की वजह से घर के सदस्य ब्रेड आलू पराठा को बार-बार मांगकर खाएंगे। 

ब्रेड आलू पराठा का स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें ब्रेड के अलावा मोटा पोहा, दही समेत अन्य सामग्रियों का भी इस्तेमाल किया जाता है। आपने अगर कभी इस रेसिपी को नहीं आज़माया है तो हमारी बताई विधि का पालन कर टेस्टी ब्रेड आलू पराठा तैयार कर सकते हैं। 

ब्रेड आलू पराठा बनाने के लिए सामग्री
ब्रेड स्लाइस - 5
आलू कद्दूकस - 3
मोटा पोहा भिगोया - डेढ़ कप
दही - 1/2 कप
अदरक कटा - 1 टी स्पून
हरी मिर्च कटी - 2
हरी धनिया पत्ती कटी - 2 टेबलस्पून
जीरा - 1 टी स्पून
सौंफ - 1 टी स्पून
धनिया साबुत - 1 टी स्पून
अजवाइन - 3/4 टी स्पून
लहसुन कटा - 1 टी स्पून
प्याज बारीक कटी - 1
सूखी लाल मिर्च - 2
हल्दी - 1/2 टी स्पून
तेल - सेकने के लिए 
नमक - स्वाद के मुताबिक

ब्रेड आलू पराठा बनाने की विधि
ब्रेड आलू पराठा एक टेस्टी ब्रेकफास्ट हो सकता है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले ब्रेड के टुकड़े कर लें और उन्हें मिक्सी में डालकर पीसकर चूरा तैयार कर लें। इसके बाद एक बड़ी बाउल में उबले आलू को कद्दूकस कर लें। अब भिगोए पोहे का पानी निकालें और उसे आलू के साथ मिक्स करें। दोनों चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करें। इसके बाद ब्रेड का चूरा भी डालकर मिलाएं। 

इसे भी पढ़ें: Garlic Pasta: फ्रेंडशिप डे सेलिब्रेशन के लिए बनाएं गार्लिक पास्ता, दोस्तों के साथ लें टेस्टी डिश का मज़ा

मिश्रण में जीरा, सौंफ, हल्दी समेत अन्य सारे मसाले डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें। फिर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, प्याज समेत अन्य सामग्रियों को डालकर मिलाएं और मसलते हुए आटे जैसा गूंथ लें। अब आटे की लोइयां तोड़े और उसे समतल जगह पर रखकर गोल पराठे जैसा बेलें। 

आप चाहें तो पराठा मोटा बेलने के बाद उसे किसी गोल धारदार किनारे वाले ढक्कन की मदद से काटकर गोल पराठा तैयार कर सकते हैं। अब एक नॉनस्टिक तवे पर एक चम्मच तेल डालकर गर्म करें। तवा गर्म होने पर उस पर पराठा डालकर सेकें। 

इसे भी पढ़ें: Angoori Petha: मिठास से भरा अंगूरी पेठा है लाजवाब, इस तरीके से करें तैयार; सब पूछेंगे बनाने का तरीका

कुछ देर तक पराठा सेकने के बाद उसके किनारों पर तेल डालें और फिर पराठा पलट दें। अब पराठे के ऊपरी हिस्से पर तेल लगाएं और फिर पराठा दोबारा पलटें। इसे तब तक सेकें जब तक दोनों ओर से सुनहरा होकर क्रिस्पी न हो जाए। इसके बाद पराठा प्लेट में उतार लें। इसी तरह सारे ब्रेड आलू पराठा बना लें। पराठे को चटनी या सॉस के साथ परोसें।