Sev Paneer Paratha: सेव और पनीर से बना पराठा बेहद स्वादिष्ट होता है। आप अगर टेस्टी और हैवी नाश्ता करना चाहते हैं तो सेव पनीर का पराठा बनाकर खा सकते हैं। सेव पनीर पराठा का स्वाद बच्चों को भी खूब पसंद आता है। आप एक बार इसे बनाएंगे तो बच्चे बार-बार सेव पनीर पराठा बनाने की डिमांड करेंगे। इस पराठे को बच्चों के टिफिन बॉक्स में भी रखा जा सकता है। नाश्ते में सेव पनीर पराठा को सभी लोग चटकारे लेकर खाएंगे। 

आप अगर रूटीन ब्रेकफास्ट से बोर हो चुके हैं तो इस बार सेव पनीर पराठा को ट्राई करें। जो भी इसे एक बार खा लेता है वो इसका स्वाद भूल नहीं पाता है। सेव पनीर पराठा बनाना बेहद आसान है और ये मिनटों में तैयार हो जाता है। 

सेव पनीर पराठा बनाने के लिए सामग्री
आटा - 3/4 कटोरी
मैदा - 1/4 कटोरी 
सेव -  1 कटोरी
पनीर कद्दूकस - 1 कटोरी
प्याज बारीक कटी - 1
हरी मिर्च कटी - 2
हरा धनिया कटा - 2 टेबलस्पून
चाट मसाला - 1 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर - 1 टी स्पून
देसी घी - जरूरत के मुताबिक
नमक - स्वादानुसार

सेव पनीर पराठा बनाने का तरीका
सेव पनीर पराठा एक बेहतरीन फूड डिश है, जिसे आसान से तैयार किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए लौंग के सेव का इस्तेमाल करें। सबसे पहले पनीर को कद्दूकस कर लें। फिर प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया बारीक काट लें। अब एक मिक्सिंग बाउल लें। उसमें गेहूं आटा और मैदा दोनों डालकर अच्छे से मिलाएं। चुटकीभर नमक डालें और थोड़ा-थोड़ा करते हुए पानी डालकर आटा गूंथ लें। आटा तैयार होने के बाद ढककर 10 मिनट के लिए अलग रख दें। 

इसे भी पढ़ें: Makhana Laddu: एनर्जी का पावर हाउस है मखाना लड्डू, इस तरीके से करें तैयार; ताकत का मिलेगा डबल डोज़

अब एक अन्य मिक्सिंग बाउल लें और उसमें पनीर और सेव को डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसमें बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक मिक्स कर दें। पराठे में भरने के लिए स्टफिंग तैयार हो गई है। 

अब आटे की समान अनुपात की लोइयां तोड़ लें। एक लोई लेकर उसे बेलें। इसके बीच में आवश्यकतानुसार स्टफिंग रखें और फिर चारों ओर से बंद कर दें। इसके बाद इसे हल्के हाथों से बेलकर सेव पनीर पराठा तैयार कर लें। 

इसे भी पढ़ें: Cheese Paratha: चीज़, प्याज से बना ऐसा पराठा नहीं खाया होगा! देखकर ही मुंह में आएगा पानी, सीखें रेसिपी

अब एक नॉनस्टिक तवा मीडियम आंच पर गर्म करें। तवा गर्म होने के बाद उस पर एक चम्मच देसी घी डालकर चारों ओर फैलाएं। फिर बेला पराठा डालकर सेकें। कुछ देर बाद पराठे के किनारे पर देसी घी डालें और पराठा पलटें। पराठे की ऊपरी सतह पर देसी घी लगाएं फिर पलटकर सेकें। 

पराठा दोनों ओर से सुनहरा और क्रिस्पी होने के बाद प्लेट में उतार लें। इसी तरह सारे सेव पनीर पराठे तैयार कर लें। इन टेस्टी पराठों को हरी चटनी या दही के साथ सर्व करें। जो इन्हें खाएगा रेसिपी पूछे बिना नहीं रह सकेगा।