Logo
Suji Dhokla Recipe: सूजी से बना ढोकला काफी स्वादिष्ट होता है। ये पाचन में भी हल्का होता है इसी वजह से ढोकला ब्रेकफास्ट और स्नैक्स में खूब पसंद किया जाता है।

Suji Dhokla Recipe: ढोकला देखकर ही खाने का दिल करने लगता है। गुजरात की लोकप्रिय डिश ढोकला कई तरह से बनाई जाती है। बेसन के अलावा सूजी से बनने वाला ढोकला भी खूब खाया जाता है। सूजी ढोकला स्वाद में लाजवाब रेसिपी है जो कि आसानी से तैयार हो जाती है। आप अगर नाश्ते में हल्का और टेस्टी फूड खाना चाहते हैं तो सूजी ढोकला बना सकते हैं। 

गुजराती खान-पान आजकल काफी पसंद किया जाने लगा है। सूजी ढोकला का स्वाद बड़ों के साथ बच्चों को भी खूब पसंद आता है। आपने अगर कभी घर पर सूजी ढोकला नहीं बनाया है तो हमारी बताई विधि की मदद से इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं। 

सूजी ढोकला बनाने के लिए सामग्री
सूजी - 1 कप
दही फेंटा हुआ - 1 कप
राई - 1/2 टी स्पून
बेकिंग सोडा - 1 टी स्पून
तिल - 1 टी स्पून
करी पत्ते - 10-12
हरी मिर्च कटी - 2-3
अदरक पेस्ट - 1/2 टी स्पून
चीनी - 1/2 टी स्पून (वैकल्पिक)
तेल - 2 टेबलस्पून
नमक - स्वादानुसार 

सूजी ढोकला बनाने का तरीका
सूजी ढोकला स्वाद से भरी एक हेल्दी डिश है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। सूजी ढोकला बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में सूजी निकाल लें। इसके बाद दही को फेंटकर उसे सूजी में डालकर मिलाएं। इसमें अदरक का पेस्ट और कटी हरी मिर्च भी मिक्स कर दें। अब सूजी में थोड़ा-थोड़ा करते हुए पानी डालते जाएं और गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। इसके बाद बैटर 10 मिनट के लिए ढककर अलग रख दें। 

इसे भी पढ़ें: Karonda Achar: करोंदे का अचार खाएंगे तो खुलकर लगेगी भूख, आम-नींबू अचार को देता है टक्कर; इस तरह बनाएं

अब ढोकले को स्टीम देने के लिए एक गहरे तले वाले बड़े बर्तन में 3-4 कप पानी गर्म करने के लिए रख दें। इसके अंदर स्टैंड रखें। अब एक थाली में थोड़ा सा तेल लगाकर उसे चिकना कर लें। इसके बाद सूजी बैटर लें और उसमें स्वादानुसार चीनी और नमक डालकर मिक्स करें। इसमें बेकिंग सोडा भी मिलाएं और जब बैटर में बुलबुले उठने लगें तो मिक्स करना बंद कर दें। 

अब तैयार सूजी बैटर को थाली में डालें और समान अनुपात में फैलाएं। इसके बाद थाली को स्टैंड पर रखकर बर्तन ढकें और स्टीम होने दें। 15-20 मिनट में सूजी ढोकला पूरी तरह से पक जाएगा। इसके बाद ढोकला स्टैंड से उतार लें और ठंडा होने पर चाकू की मदद से काटकर थाली से निकालकर बाउल में डाल दें। 

इसे भी पढ़ें: Kale Chane ki Kadhi: काले चने से बनी कढ़ी खाएंगे तो चाट लेंगे उंगलियां, इस तरीके से बनाएंगे तो मिलेगा भरपूर स्वाद

अब एक छोटा पैन लें और उसमें तेल डालकर गर्म करें। तेल गर्म होने पर उसमें राई, तिल और करी पत्ते डालकर भूनें। अब तैयार तड़के को सूजी ढोकले के ऊपर डालते हुए फैला दें। स्वाद से भरपूर सूजी ढोकला परोसने के लिए पूरी तरह से रेडी है।

5379487