Lychee Sharbat: गर्मी के दिनों में शरीर में ठंडक बनाए रखने के लिए कई तरह के शरबत बनाकर पिए जाते हैं। लीची शरबत भी उनमें से एक है जो कि शरीर को डिहाइड्रेट होने से बचाता है और बॉडी में ठंडक घोलने का काम करता है। शरीर ठंडा होने पर दिमाग में भी तरावट महसूस होती है। लीची में ढेरों पोषक तत्व पाए जाते हैं जो कि हेल्दी रहने के लिए जरूरी है। 

आप अगर गर्मी में खुद को हेल्दी और फिट रखना चाहते हैं तो लीची का शरबत पी सकते हैं। लीची शरबत के कई बड़े फायदे हैं और इसे बनाना भी सरल है। जानते हैं लीची शरबत बनाने का तरीका और इसके फायदे। 

लीची शरबत पीने के फायदे

डिहाइड्रेशन से बचाता है: लीची में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो आपको हाइड्रेटेड रहने में मदद करती है और गर्मी के मौसम में होने वाले डिहाइड्रेशन से बचाता है।

ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है: लीची में पोटैशियम होता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है। यह उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो हाई बीपी से पीड़ित हैं।

पाचन क्रिया में सुधार करता है: लीची में फाइबर होता है जो पाचन क्रिया को सुचारू रूप से चलाने में मदद करता है। यह कब्ज को रोकने और पेट फूलने जैसी पाचन समस्याओं को कम करने में भी सहायक हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: Makhana Recipes: गर्मी में मखाना से बनाएं 3 टेस्टी डिशेस, स्वाद ऐसा कि चाट लेंगे उंगलियां, मीठी-नमकीन रेसिपी आज़माएं

त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद: लीची में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। यह त्वचा को स्वस्थ और जवां बनाए रखने में मदद करता है। लीची बालों के लिए भी अच्छी होती है, क्योंकि यह उन्हें मजबूत और चमकदार बनाती है।

ऊर्जा का स्तर बढ़ाता है: लीची में नेचुरल शुगर होती है जो ऊर्जा का स्तर बढ़ाने में मदद करती है। यह आपको थकान से बचाता है और आपको दिन भर सक्रिय रहने में मदद करता है।

लीची शरबत कैसे बनाएं?

सामग्री
1 कप लीची (छिलके और बीज निकालकर)
1/2 कप चीनी (स्वादानुसार)
1/2 नींबू का रस
8-10 पुदीने की पत्तियां
4-5 गिलास पानी
बर्फ के टुकड़े (सर्विंग के लिए)

इसे भी पढ़ें: Healthy Chaas: गर्मी में छाछ में मिलाकर पिएं 2 चीजें, पाचन हो जाएगा दुरुस्त, इस तरीके से बनाएंगे तो शरीर में घुल जाएगी ठंडक

लीची शरबत बनाने का तरीका
लीची का शरबत टेस्टी होने के साथ पौष्टिकता से भरा होता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले  लीची को छीलकर बीज निकाल लें और सभी को एक मिक्सर जार में डालें। इसके बाद जार में चीनी, नींबू का रस और पुदीने की पत्तियां डालें। फिर थोड़ा सा पानी डालें और मिक्सर को चलाते हुए सारी सामग्रियों को पीस लें। 

इसके बाद मिक्सर में बाकी बचा हुआ सारा पानी डालें और दोबारा ब्लेंड करें। इसके बाद एक बड़ा बर्तन लें और उसके ऊपर छन्नी रखकर मिक्सर का सारा मिश्रण छान लें। लीची का शरबत तैयार है। इसमें बर्फ के टुकड़े डालकर 2 मिनट के लिए छोड़ दें, इससे शरबत ठंडा हो जाएगा। सर्विंग गिलास में शरबत डालें और आइस क्यूब डालकर सर्व करें। 

(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ, डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)