Logo
Suji Dosa Recipe: साउथ इंडियन डोसा तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन इस बार आप सूजी से बना डोसा तैयार कर सकते हैं। ये डोसा बेहद टेस्टी होता है। आइए जानते हैं सूजी डोसा बनाने का तरीका।

Suji Dosa Recipe: सूजी से कई टेस्टी फूड आइटम तैयार किए जाते हैं। डोसा भी उनमें से एक है। सूजी डोसा को जो खा लेता है वो इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता है। आप अगर साउथ इंडियन फूड को पसंद करते हैं तो डोसा जरूर आपको भाता होगा। पारंपरिक डोसा के बजाय आप इस बार घर में सूजी डोसा ट्राई कर सकते हैं। मिनटों में तैयार होने वाला ये डोसा घर के लोगों को फेवरेट हो सकता है। 

सूजी का डोसा बनाना सरल है। इसे तैयार करने के लिए गेहूं आटा, बेसन और दही का भी इस्तेमाल किया जाता है। हम आपको प्लेन सूजी डोसा बनाने का तरीका बताएंगे। आप चाहें तो आलू का मसाला भी इसमें फिल कर मसाला डोसा परोस सकते हैं। 

सूजी डोसा बनाने के लिए सामग्री
सूजी - 1 कप
बेसन - 1 टेबलस्पून
गेहूं आटा - 1 टेबलस्पून
दही - 2 कप
बेकिंग सोडा - 1/2 टी स्पून
पानी - 1 कप
तेल - जरूरत के मुताबिक
नमक - स्वादानुसार

सूजी डोसा बनाने की विधि
सूजी से बना डोसा बेहद टेस्टी होता है और इसे मिनटों में तैयार किया जा सकता है। सुबह नाश्ते में या फिर दिन में हल्की भूख लगने पर सूजी डोसा खाया जा सकता है। सूजी डोसा बनाने के लिए सबसे पहले एक गहरे तले वाला बर्तन लें और उसमें सूजी, बेसन और गेहूं का आटा डालकर तीनों सामग्रियों को मिलाएं। अब दही को एक दूसरी बाउल में लें और उसे अच्छी तरह से फेटें। 

इसे भी पढ़ें: Garam Masala: सालभर का गरम मसाला 10 मिनट में कर लें तैयार, हरदम रहेगा फ्रेश और खुशबूदार, हर कोई पूछेगा बनाने का तरीका

जब दही अच्छी तरह से पतला हो जाए और सारी गांठे खत्म हो जाएं तो उसमें आधा चम्मच नमक मिक्स करें। दही में जितनी जरूरत हो उतना पानी मिलाएं और फिर उसे सूजी,बेसन, आटा के मिश्रण में डालें। इसे अच्छी तरह से फेटें। जब डोसे जैसा घोल बन जाए तो उसे ढककर आधा घंटे के लिए अलग रख दें। 

आधा घंटे में सूजी सैट होकर फूल जाएगी। इसके बाद डोसा बनाने की शुरुआत करें। सबसे पहले एक नॉनस्टिक तवे को मीडियम आंच पर गर्म करें। तवा गर्म होने पर उस पर थोड़ा सा पानी डालें। जब तवे पर से धुआं निकलने लगे तो सूती कपड़े से पानी पोछ दें। 

इसे भी पढ़ें: Aam Ka Halwa: सूजी और आम से बनाएं टेस्टी हलवा, जुबान पर लंबे वक्त तक रहेगा स्वाद, सीखें बनाने का सिंपल तरीका

अब तवे पर एक चम्मच तेल डालकर चारों तरफ फैला दें। एक कटोरी में सूजी का घोल लें और उसे तवे के बीच में डालकर गोल करते हुए फैलाएं। कुछ देर तक डोसा सिकने दें, फिर उसके किनारों पर तेल डाल दें। डोसे की ऊपरी परत जब हल्की सुनहरी नजर आने लगे तो डोसा फोल्ड करें और प्लेट में उतार लें। 

इसी तरह सारे घोल से एक-एक करते हुए सूजी डोसा बनाते जाएं। टेस्टी प्लेन सूजी डोसा को नारियल चटनी, सांभर के साथ परोसें। आप चाहें तो प्लेन डोसा में आलू की फिलिंग तैयार कर इसे भर सकते हैं और खाने वालों को मसाला सूजी डोसा परोस सकते हैं। 

5379487