Valentine Makeup Ideas: अक्सर लोग वैलेंटाइन डे पर अपने पार्टनर को इम्प्रेस करने के लिए कुछ न कुछ प्लान करते हैं। ऐसे इस दिन को खास बनाने के लिए अच्छे ऑउटफिट के साथ मेकअप भी बेहद जरूरी होता है। वहीं आपने मेकअप कितना ही अच्छा क्यों ना किया हो, लेकिन अगर काजल को सही ढंग से अप्लाई नहीं किया तो पूरा लुक बिगड़ सकता है। ऐसा आपके साथ ना हो, इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखें।

महिलाओं के मेकअप का बहुत जरूरी हिस्सा माना जाता है काजल। क्योंकि काजल लगाने से चेहरे की खूबसूरती एकदम बढ़ जाती है और काजल पूरे लुक को कंप्लीट करता है। आंखें बड़ी हों या छोटी काजल लगाने से उनका लुक बदल जाता है। यही नहीं, एक काजल पेंसिल बहुत सारे लुक्स भी देने का काम करती है। लेकिन कुछ महिलाओं की शिकायत होती है कि उनसे काजल अच्छे से नहीं लग पाता है या फिर उनका काजल फैल जाता है। आइए जानते हैं, काजल पेंसिल से जुड़े कुछ ऐसे सजेशंस, जिन्हें अपनाकर आप अपने काजल लुक को परफेक्ट बना सकती हैं। 

इन मिस्टेक्स से बचिए

  • अगर आपका भी काजल फैल जाता है तो काजल लगाने से पहले आंखों के नीचे कंसीलर लगाना ना भूलें। ऐसा करने से काजल कभी नहीं फैलेगा। चाहे तो कंसीलर की जगह लूज पावडर भी लगा सकती हैं। काजल को फैलने से बचाने के लिए आपको लूज पावडर को बस आंखों के नीचे पावडर लगाकर अच्छे से ब्लेंड करना होगा। 
  • काजल लगाने से पहले आइस क्यूब को एक कपड़े में रखकर आंखों के नीचे रब करें। थोड़ी देर बाद काजल अप्लाई करें। यह तरीका भी काजल को फैलने से बचाएगा। 
  • स्किन टोन के हिसाब से आंखों के नीचे फाउंडेशन लगा कर  उसे सेट होने के लिए छोड़ दीजिए और उसके बाद काजल लगाएं। इससे भी आपकी आंखों का काजल फैलेगा नहीं। फाउंडेशन के जगह बीबी क्रीम का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।  
  • काजल को फैलने से बचाने के लिए सही काजल पेंसिल का इस्तेमाल करें। स्मज प्रूफ काजल पेंसिल का यूज आपके काजल को ज्यादा लंबे समय तक टिकने में मदद करेगा।
  • कई महिलाओं की आदत होती है कि वो काजल पेंसिल को सबसे पहले इनर आई कॉर्नर से लगाना शुरू करती हैं। इस तरीके से काजल पेंसिल गीली हो जाती है और आंखों के आउटर कॉर्नर तक आते-आते काम नहीं करती है।
  • आपको हमेशा इसे आउटर कॉर्नर से लगाना शुरू करना चाहिए, इनर कॉर्नर से नहीं। खासतौर पर अगर आपकी आंखें छोटी हैं और आप अपर आईलिड पर भी काजल लगाने के बारे में सोच रही हैं तो इनर आई कॉर्नर को छोड़ ही देना चाहिए। ऐसे में आप खुद डिफरेंस देखेंगी कि आपकी आंखें कितनी बड़ी लगने लगी हैं।

ऐसे भी कर सकते हैं अप्लाई

  • काजल से सिर्फ आंखों की खूबसूरती ही नहीं बढ़ाई जा सकती बल्कि और भी कई तरीकों से काजल का यूज कर सकते हैं।
  • मस्कारा के अलावा आप काजल के प्रयोग से भी आई लैशेज को घना दिखा सकती हैं। आई लैशेज घना बनाने के लिए आपको टॉप लैश लाइन और वॉटम लाइन पर काजल लगाना होगा।
  • साथ ही आपकी आई लैशेज के बीच जो गैप है, वहां काजल लगाएं। इससे पलकें घनी और काली नजर आएंगी। अगर आपको स्मोकी आई लुक क्रिएट करना है तो काजल को आईशैडो बेस के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • काजल एकदम आईशैडो प्राइमर की तरह ही काम करता है। यह आईशैडो के लिए एक समान कैनवस तैयार करता है और उसे एक रिच-पिगमेंटेड लुक देता है। इसमें मौजूद ऑयल आईशैडो को खराब होने से बचाता है।
  • यह आंखों पर 24 घंटे तक टिका भी रहता है। ना फैलता है और ना ही हल्का पड़ता है। बस इसे अपने आई लिड्स पर लगाएं। थोड़ा-सा ब्लेंड करें और फिर अपना मनचाहा आईशैडो लगाएं।
  • अगर आपके कुछ बालों में सफेदी दिख रही है तो काजल इसे हाइड करने में हेल्पफुल है। इसके लिए हथेली के पिछले हिस्से पर काजल लगाएं और आईब्रो ब्रश की मदद से इस काजल को सफेद हो रहे बालों की रूट्स पर लगाएं। ऐसा करने से पल भर में आपके सफेद बाल काले हो जाएंगे।

(नोट- ब्यूटी एक्सपर्ट रेनू माहेश्वरी से बातचीत पर आधारित यहां दिए गए सजेशंस को फॉलो कर आप परफेक्ट काजल लुक पा सकती हैं।)

सजेशन
(स्वाति गुप्ता)