Valentine Week 2024: वेलेंटाइन वीक की शुरुआत हो चुकी है और इसी के साथ कपल्स के लिए एक हफ्ते का वक्त काफी खास हो गया है। इस दौरान अपने साथी के लिए कुछ न कुछ खास करते हुए उसे अपने प्यार का एहसास कराने का वक्त है। वेलेंटाइन डे से पहले वेलेंटाइन वीक को एन्जॉय करने के लिए कपल्स काफी तैयारी करते हैं, लेकिन कई बार आपकी छोटी-छोटी गलतियां आपके प्यार पर भारी पड़ती हैं और रिश्ते में मिठास बढ़ने के बजाय रिलेशनशिप में कड़वाहट बढ़ जाती है। 

5 गलतियों को करने से बचें 

घर का काम - किसी भी कपल के बीच घर का बहस का मुद्दा हो सकता है। अगर दोनों ही वर्किंग हो तो ये स्थिति अक्सर बनती है। वेलेंटाइन वीक के दौरान घर के काम को लेकर अपने पार्टनर के साथ बहस करने से बचें। आपको अगर कुछ गलत लगे तो प्यार से एक दूसरे से बात कर समस्या का हल निकालें, वरना ये छोटा सा मुद्दा पूरे वीक की खुशी को खराब कर सकता है। 

छुट्टियों में जगह का चुनाव - बहुत से कपल्स वेलेंटाइन वीक में छुट्टियां बिताने का प्लान बनाते हैं, इसके लिए जगह का चुनाव बड़ा मुद्दा रहता है। कई कपल्स कई बार इसे लेकर ही एक दूसरे से बहस करने लग जाते हैं। दोनों किसी एक जगह को लेकर सहमत नहीं होते हैं और इसका नतीजा विवाद के तौर पर सामने आ जाता है। 

बच्चों से जुड़े काम - वेलेंटाइन वीक वैसे तो कपल के बीच का खास समय है, लेकिन आपके बच्चे हैं तो उनसे जुड़े कामों को नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता है। बच्चों का होमवर्क हो या अन्य कोई काम, इसे लेकर दोनों को अपनी अपनी भूमिका तय कर लेनी चाहिए। कई बार बच्चों से जुड़ी छोटी सी बात बहस का विषय बन सकती है। वेलेंटाइन वीक में अगर ये बहस हो गई तो पूरे वीक का मजा किरकिरा हो सकता है। 

साथी को पर्याप्त समय दें - वेलेंटाइन वीक का कपल को सालभर इंतजार रहता है। आप पर अगर वर्कलोड ज्यादा है तो भी अपने साथी को कुछ वक्त जरूर दें। अगर ऐसा नहीं होगा तो आपका पार्टनर उपेक्षित महसूस कर सकता है। इससे दोनों की रिलेशनशिप में खटास आ सकती है। 

खर्च से जुड़े मामले - वेलेंटाइन वीक पर पैसों को लेकर किसी भी तरह की तकरार करने से बचें। आपको अगर लगता है कि पार्टनर जरूरत से ज्यादा फिजूलखर्च कर रहा है तो उसे प्यार से समझाएं। इस मामले पर बहस करने से विवाद बढ़ सकता है और पूरे वीक का एन्जॉयमेंट खराब हो सकता है।