Logo
Attractive Men: हालांकि पुरुषों को लेकर हर महिला की अपनी कुछ विशेष पसंद, अपेक्षाएं हो सकती हैं। लेकिन आमतौर पर महिलाएं पुरुषों में कुछ खास गुणों को पसंद करती हैं। इन्हीं गुणों के आधार पर वे किसी पुरुष की ओर आकर्षित होती हैं, उसके करीब जाना चाहती हैं। इस बारे में जानना वाकई बहुत दिलचस्प है।

Attractive Men: भले ही पुरुषों को लगता हो कि महिलाओं को हमेशा आक्रामक यानी एंग्री यंग मैन, अच्छी फिजिक और रफ-टफ पुरुष ही पसंद आते हैं। लेकिन यह बात सही नहीं है। सच यह है कि महिलाओं को हमेशा सेंसिटिव और सॉफ्ट हार्टेड पुरुष सबसे ज्यादा पसंद आते हैं। यह कोई नई बात नहीं है। हकीकत यह है कि अगर महिलाओं की पुरुष संबंधी पसंद का इतिहास देखें तो उन्हें हमेशा से ऐसे ही पुरुष पसंद आते रहे हैं, जो उनके प्रति संवेदनशील हों, उनके प्रति तहजीब का ख्याल रखते हों, साथ ही उनके सामने दूसरों से भी शिष्टता का व्यवहार करें। 

ये गुण हैं सबसे महत्वपूर्ण
21वीं शताब्दी में विभिन्न संस्थानों ने अलग-अलग समय और अलग-अलग तौर-तरीकों से जब महिलाओं की पसंद को जानने की कोशिश की कि आखिर उन्हें किस तरह के पुरुष पसंद हैं, तो उसमें भी यही बात सामने आई। आमतौर पर विभिन्न पुरुषों के साथ की गई तुलना के बाद महिलाओं को ऐसे पुरुष सबसे ज्यादा पसंद आए, जो आमतौर पर कॉन्फिडेंस से भरे हों, उनमें अच्छा सेंस ऑफ ह्यूमर हो, वह देश और दुनिया की तमाम गतिविधियों को लेकर सेंसिटिव हों, महत्वाकांक्षी हों, इंटेलिजेंट हों, दयालु और सौम्य स्वभाव के हों और जरूरत से कुछ कम बोलते हों।

वास्तव में यहां बताए गए गुण, पुरुषों के किसी विशेष वर्ग की अकेली खूबी नहीं है बल्कि कई श्रेणी के पुरुषों के बीच से चुनी गई सर्वश्रेष्ठ श्रेणी है। ऐसे में जरूरी नहीं है कि भारतीय महिलाओं को वो तमाम पुरुष पसंद ही आएं, जो मॉडर्न हों, इंटेलिजेंट हों और कम से कम महिलावादी हों। महिलाओं को वास्तव में दयालु और सौम्य स्वभाव वाले पुरुष ही पसंद आते हैं। महिलाओं को हमेशा ऐसे पुरुष पसंद आते हैं, जो तहजीब का ख्याल रखें और सिर्फ ख्याल ही नहीं रखें बल्कि उसका प्रदर्शन भी करें। 

संकेतों से प्रकट होती है पसंद 
जब कोई पुरुष दिल से महिलाओं की इज्जत करता है और उसका प्रदर्शन भी करता है तो ऐसे पुरुष का स्वभाव महिलाओं के दिल को छू जाता है और वो उसके प्रति एक खास तरह की फीलिंग रखती हैं। ऐसे पुरुषों के नजदीक जाना और उनके करीब रहने की तमन्ना उनमें होती है। महिलाएं अकसर अपने शारीरिक संकेतों के माध्यम से इन भावनाओं का बयान भी करती हैं। उनसे नजर मिलाना, उनको हंसते हुए देखना और उनकी बातों पर हमेशा ध्यान देना, ये कुछ ऐसे संकेत होते हैं, जो इस बात को तय करते हैं कि महिलाएं जिन पुरुषों को पसंद करती हैं, हमेशा उनकी बातों पर ध्यान देती हैं। महिलाएं हमेशा ऐसे पुरुषों के साथ समय बिताती हैं, शॉपिंग करती हैं, उनके साथ फिल्में देखना पसंद करती हैं। संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और उनके साथ यूं ही खेलना उन्हें पसंद होता है। महिलाएं ऐसे ही पुरुषों के साथ सोशल मीडिया में रिश्ते बनाना भी पसंद करती हैं। साइंटिफिक फैक्ट कहता है कि जब कोई महिला किसी पुरुष को पसंद करती है तो जरूरी नहीं है कि वह उसे यह बात शब्दों में बताए। वह अपनी आंखों से, अपने स्पर्श के बहाने से या उसके प्रति नजदीक रहने की इच्छा से भी जता देती है। 

सफल पुरुष आते हैं पसंद
अधिकतर महिलाएं यह भी मानती हैं कि कुछ प्रसन्नताएं और सुख की स्थितियां वे खुद से हासिल नहीं कर सकतीं बल्कि उन्हें उनके पुरुष साथी ही गिफ्ट कर सकते हैं। इसलिए महिलाएं हमेशा ऐसे पुरुषों को अपनी तरफ खींचने की कोशिश करती हैं, जो उन्हें खुश रखें, जो उन्हें आत्मविश्वास और सफलता हासिल करने की अपनी क्षमताओं से संतुष्ट करें। इसलिए महिलाओं को ऐसे पुरुष भाते हैं, जो आमतौर पर प्रतिस्पर्धा के स्तर पर विजय हासिल करते हैं। महिलाएं हमेशा ऐसे पुरुषों के प्रति प्यार दर्शाती हैं, भले सार्वजनिक तौर पर वो ऐसा ना करें, तो भी चोरी छुपे या नजरें झुकाकर ऐसे पुरुषों को ही अपना पसंदीदा पुरुष बताने की कोशिश करती हैं। 

एक सच्चाई यह भी है कि महिलाओं से अपने प्रति प्यार की भावनाएं हासिल करके पुरुषों को भी बहुत खुशी और संतुष्टि हासिल होती है। जब कोई महिला या लड़की किसी पुरुष के प्रति अपना आकर्षण व्यक्त करती है और इस बात से किसी दूसरे पुरुष को जलाती है, तो यह भावना उस पुरुष को बहुत पसंद आती है, जिसे वह महिला पसंद करती है। 

विवेक कुमार
 

5379487