Navratri 2024: नवरात्र के अवसर पर व्रत और पूजा-पाठ की तैयारियों के साथ ही युवतियां गरबा खेलने की तैयारी भी बहुत उत्साह से करती हैं। अगर आप चाहती हैं कि आपकी डांडिया स्टिक्स भी आपके ड्रेसअप और ओवरऑल लुक की तरह अट्रैक्टिव नजर आएं तो उन्हें भी अलग स्टाइल में सजा सकती हैं। वैसे तो मार्केट में सजे हुए डांडिया स्टिक्स मिलते हैं, लेकिन इन्हें अपने हाथ से सजाने का एक अलग ही चार्म होता है। 

गोटे से सजाएं: अगर आप अपने डांडिया स्टिक्स को ट्रेडिशनल लुक देना चाहती हैं तो इसे आप गोटे से सजा सकती हैं। ध्यान रखें कि आपको ज्यादा चौड़े गोटे नहीं लेने हैं। चौड़े गोटे स्टिक पर सही से नहीं चिपकते हैं। मीडियम चौड़ाई वाले गोटे लेकर, इस पर एक तरफ ग्लू लगाकर डांडिया स्टिक पर लपेटती जाएं। आप गोल्डन, सिल्वर या फिर कॉपर कलर के गोटे से अगर डेकोरेट करेंगी तो डांडिया स्टिक्स ज्यादा अट्रैक्टिव लगेंगी।

ग्लॉसी पेपर: अगर आप अपने डांडिया स्टिक्स को कुछ डिफरेंट तरीके से डेकोरेट करना चाहती हैं तो उसे ग्लॉसी पेपर से भी डेकोरेट कर सकती हैं। इसके लिए आपको ग्लॉसी पेपर को काटकर पूरी डांडिया स्टिक पर अच्छी तरह चिपकाना होगा। लेकिन ध्यान रखें कि इसे पूरी सावधानी और सफाई से चिपकाएं नहीं तो आपके डांडिया स्टिक्स का लुक खराब हो सकता है। आप इनमें अपनी पसंद के अनुसार किसी भी कलर के ग्लॉसी पपेर का इस्तेमाल कर सकती हैं।

ड्रेस से करें मैचिंग: डेकोरेशन में क्रिएटिविटी शामिल करने के लिए आप अपनी डांडिया स्टिक को ड्रेस से मैचिंग भी बना सकती हैं। इसके लिए आप अपनी ड्रेस से मैच करता हुआ कपड़ा लेकर उसे डांडिया स्टिक पर ग्लू की सहायता से  चिपका दें। इस पर मैचिंग लेस भी लगा सकती हैं। इसके अलावा आप डांडिया के किनारों पर ऐसी लटकन भी लगा सकती हैं, जो आपकी ड्रेस से मैच करे। 

चुनरी प्रिंट या लहरिया प्रिंट: आप अपनी डांडिया स्टिक को चुनरी या लहरिया प्रिंट वाले फैब्रिक से भी सजा सकती हैं। ये प्रिंट्स गरबा स्टिक्स पर बेहद सुंदर नजर आते हैं। इनमें आपको कलरफुल ऑप्शन भी मिल जाएंगे। आप अपनी डांडिया स्टिक्स पर चुनरी या फिर लहरिया प्रिंट के फैब्रिक को अच्छी तरह पेस्ट करें। इसके बाद मोतियों या फिर छोटे शीशे के टुकड़ों से इसे सजा सकती हैं। 

टेप से सजाएं: आप मल्टीकलरफुल टेप या फिर गोल्डन और सिल्वर टेप से भी अपने डांडिया स्टिक्स को सजा सकती हैं। इसके लिए स्टिक बेस पर पहले फैब्रिक या कलर्ड पेपर चिपकाएं। इसके ऊपर कंट्रास्ट लुक के लिए कलरफुल टेप लगा दें। इससे कपड़ा या पेपर निकलेगा नहीं और आपकी डांडिया स्टिक अट्रैक्टिव नजर आएगी। आप चाहें तो कलर्ड स्टिकर से भी अपनी डांडिया स्टिक्स को सजा सकती हैं।

निधि गोयल