Logo
Raksha Bandhan 2024: वैसे तो इन दिनों मार्केट में एक से बढ़कर एक डिजाइनर और खूबसूरत राखियां मिल रही हैं। लेकिन अगर आप अपने भाई को स्पेशल फील कराना चाहती हैं तो इस बार उसकी कलाई पर अपने हाथों से बनाई स्नेहिल भावनाओं वाली राखी बांधें।

Raksha Bandhan 2024: रक्षाबंधन के मौके पर अगर आप अपने भाई को स्पेशल फील करना चाहती हैं, उसके प्रति अपने स्नेह को राखी के जरिए प्रकट करना चाहती हैं तो इस बार अपने हाथों से बनाई राखी भाई की कलाई पर बांधें। आप कितनी क्रिएटिव और आर्टिस्टिक हैं, आप कैसी राखी बनाना चाहती हैं, उसके अनुसार राखी बनाने के लिए सामग्री की जरूरत पड़ेगी। यहां आपको कुछ खास राखियां बनाने के तरीके बता रहे हैं।

क्ले राखी
क्ले राखी बनाने के लिए आपको ड्राई क्ले, भीगे कॉर्न फ्लोर, स्टोन, स्टिकर, पेंट और ग्लू की आवश्यकता पड़ेगी। इस राखी को बनाने के लिए सबसे पहले क्ले में थोड़ा कॉर्न फ्लोर मिला लें, जिससे क्ले सही से चिपक जाए। अब आप किसी ब्लॉक के जरिए इसे मनचाहा शेप दें। इसके बाद इसके दो किनारों पर छेद कर लें। अब इसे सूखने के लिए रख दें। सूखने के बाद इसमें मनचाहे कलर से पेंट करें या कोई स्टीकर और स्टोन का इस्तेमाल कर सकती हैं। अब दोनों तरफ के छेदों में रिबन बांध दें। आपकी राखी तैयार है।

फैब्रिक राखी
अगर आप फैब्रिक राखी बनाना चाहती हैं तो आपको फैब्रिक कार्डबोर्ड, शीशे, एक्रिलिक पेंट, मार्कर्स, गोंद, कैंची आदि की जरूरत होगी। इसके लिए सबसे पहले अपनी पसंद के अनुसार कार्डबोर्ड गोलाकार में काटें। फिर इसके ऊपर ग्लू की सहायता से कपड़े को चिपकाएं। सूखने के बाद इसमें एक्रिलिक कलर्स से डिजाइन बनाएं। इस पर आप अपने भाई के लिए कुछ अच्छा सा संदेश लिख सकती हैं। या फिर रिबन को कट करके छोटे फूल बनाकर लगा सकती हैं। साथ ही स्टोन का इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे की साइड बांधने के लिए कलावा या फिर ऊन लगा सकती हैं।

सुनहरे फूलों वाली राखी
सुनहरे फूलों से बनी राखी भी बहुत खूबसूरत नजर आती है। इसके लिए आप एक मीटर गोल्डन रिबन ले लें। इस रिबन से आपको छोटे-छोटे फूल बनाने हैं। फिर इन फूलों को आप एक शीट पर चिपका दें। इस शीट को गोल आकार में काट लें। फिर पीछे की तरफ इस पर गोल्डन मोटा धागा चिपकाएं। राखी और भी अधिक खूबसूरत बनाने के लिए फूलों के चारों तरफ कलरफुल स्टोन भी लगा सकती हैं। आप चाहें तो इसके साइड्स पर कलर भी कर सकती हैं।

स्टीकर राखी
अगर आपको घर में बच्चों के लिए राखी बनानी है तो स्टीकर राखी एक अच्छा ऑप्शन है। इसके लिए अलग-अलग तरह के स्टीकर ले लें। सबसे पहले अलग-अलग रंगों वाले स्पंज को गोल काट लें। गोल स्पंज काटने के बाद उस पर स्टीकर को चिपका दें। फिर दो स्पंजों के बीच साटन रिबन चिपकाएं। आपकी राखी तैयार है। स्टिकर में आप बच्चे के पसंद के कार्टून कैरेक्टर वाले स्टीकर ले सकती हैं। बच्चों को यह राखी बेहद पसंद आएंगी।

ट्रेंड
मानसी

5379487