Aaj Ka Mausam: देश भर में मौसम ने नई करवट ली है। पश्विमी विक्षोभ (Western Desturbance) एक्टिव होने का असर पहाड़ी राज्यों से मैदानों तक नजर आ रहा है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में इसकी वजह से बर्फबारी और ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं, दिल्ली, यूपी, एमपी और राजस्थान में दिन के समय धूप की चुभन तो रात के समय ठंड है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होगा। फरवरी के अंत से गर्मी बढ़ने लगेगी। आइए, जानते हैं देश के किस राज्य में फिलहाल कैसा है मौसम का हाल।
आईएमडी ने कहा- फरवरी के अंत से बढ़ेगी गर्मी
आईएमडी ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक पहाड़ी इलाकों में ठंडक बनी रहेगी, लेकिन मैदानी राज्यों में गर्मी का असर बढ़ेगा। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में फरवरी के अंत तक दिन का तापमान 30°C के पार पहुंच सकता है। मार्च की शुरुआत में उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी तेजी से बढ़ने लगेगी। ऐसे में मौसम में बदलाव के कारण स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, इसलिए लोग सावधानी बरतें।
राजस्थान: बाड़मेर में पारा 32.9°C के पार पहुंचा
राजस्थान में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। दिन का तापमान बढ़ने से लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है, जबकि सुबह और रात में ठंड बरकरार है। बीते 24 घंटे में बाड़मेर में सबसे ज्यादा 32.9°C तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 4-5 दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। दिन में तापमान और बढ़ सकता है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट रह सकती है।
मध्य प्रदेश: ठंड कम, लेकिन सुबह-रात में ठिठुरन
मध्य प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। ग्वालियर और शहडोल संभाग में तापमान बीते 2 रातों से 5°C से नीचे दर्ज हो रहा है। शहडोल के कल्याणपुर में 4.6°C और आंवरी में 4.8°C तापमान दर्ज किया गया। भोपाल, जबलपुर, इंदौर और उज्जैन में दिन में गर्मी बढ़ने लगी है, लेकिन रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड में कमी आएगी।
हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। अगले दो दिनों तक पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में शिमला, मनाली, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी कुछ जिलों में हल्की बर्फबारी और बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर:तापमान बढ़ा, फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का असर लगभग खत्म हो चुका है। फरवरी के पहले हफ्ते में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। दिन का तापमान 27-28°C तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक है। 12 से 14 फरवरी के बीच दिल्ली में 15-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे कुछ हद तक ठंडक महसूस हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फरवरी के अंत तक दिल्ली में गर्मी और बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश: महसूस की जा रही धूप की चुभन
उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी मौसम धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। सोमवार को यूपी में अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 12°C के बीच दर्ज किया गया। अयोध्या में सबसे कम 7.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि झांसी में अधिकतम तापमान 28.3°C तक पहुंच गया। लखनऊ, आगरा, मेरठ और वाराणसी में दिन में तेज धूप रही, जिससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस हुई।
बिहार: कई जिजों में बारिश से बढ़ी ठंड
बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे शहरों में लगातार हो रही बारिश से लोगों को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक बिहार में बारिश जारी रह सकती है। ठंड बढ़ने के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। इस बदलते मौसम से किसान भी चिंतित हैं, क्योंकि ज्यादा बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है।
हरियाणा:
हरियाणा में घना कोहरा छाया हुआ है। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। सुबह के समय सड़कें धुंध से ढकी नजर आ रही हैं। अंबाला, करनाल, रोहतक और फरीदाबाद में ठंड का असर साफ दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कोहरा बने रहने की संभावना है। ट्रैफिक पर इसका असर पड़ा है, कई ट्रेनें और उड़ानें लेट हो रही हैं। किसान भी इस बदलते मौसम पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि फसलों पर ओस और ठंड का असर पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़: दिन में गुनगुनी धूप और रात में ठंड
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में गुनगुनी धूप और रात में ठंड का असर जारी है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। ठंडी हवाओं से लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। किसानों के लिए यह समय बेहद है, क्योंकि गेहूं और सरसों की फसलों को ठंड की जरूरत होती है।
दक्षिण भारत: केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में गर्मी बढ़ी
दक्षिण भारत में तापमान बढ़ता जा रहा है। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में गर्मी महसूस की जा रही है। बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद में दिन का तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। लोगों को तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
नॉर्थईस्ट: तीन राज्यों में हल्की बारिश के आसार
पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम बदल रहा है। असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। गुवाहाटी, इम्फाल और शिलॉन्ग में बादल छाए हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश तापमान में गिरावट ला सकती है। ठंडी हवाओं का असर बढ़ने से लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। इस बदलते मौसम से स्थानीय लोग सतर्क हैं।