Amit Shah Assam Speech High lights: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को असम पहुंचे। यहां उन्होंने सशस्त्र सीमा बल के 60वें स्थापना दिवस में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि म्यांमार के साथ भारत की सीमा को बांग्लादेश की तरह संरक्षित किया जाएगा। अब फ्री आवाजाही बंद होगी। जल्द ही भारत सरकार इस पर अमल करेगी। म्यांमार सीमा पर फेंसिंग (बाड़ेबंदी) की जाएगी। 

तीन महीने में 600 सैनिक भागकर आए
अमित शाह ने यह घोषणा ऐसे समय की है, जब म्यांमार के तमाम सैनिक जातीय संघर्ष से बचने के लिए भारत में शरण ले रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते तीन महीने में म्यांमार के करीब 600 सैनिक भारत में दाखिल हुए। इनमें से कुछ घायल थे। जिन्हें इलाज की व्यवस्था भारतीय सैनिकों ने मुहैया कराई। 

तो क्या अब वीजा लगेगा?
सरकारी सूत्रों ने कहा कि पश्चिमी म्यांमार राज्य रखाइन में एक जातीय सशस्त्र समूह अराकन आर्मी (एए) के उग्रवादियों द्वारा सैनिकों के कैंपों पर कब्जा किया जा रहा है। सैनिकों ने भागकर मिजोरम के लांग्टलाई जिले में शरण ली। सीमा पर बाड़ लगाकर भारत दोनों देशों के बीच फ्री मूवमेंट रिजीम (एफएमआर) को खत्म कर देगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जल्द ही दूसरे देश में प्रवेश के लिए वीजा की आवश्यकता होगी। एफएमआर को 1970 के दशक में लाया गया था क्योंकि भारत-म्यांमार सीमा पर रहने वाले लोगों के बीच पारिवारिक और जातीय संबंध हैं।

राहुल गांधी पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की है। मैंने आज यहां कुछ मीडिया कर्मियों से पूछा कि असम में क्या हुआ। कांग्रेस शासन के दौरान, हजारों युवाओं ने अपनी जान गंवाई, असम में उग्रवाद व्याप्त था। परिवार कांग्रेस शासन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के सदस्यों ने कांग्रेस यात्रा पर आपत्ति जताई और न्याय की मांग की।