Himanta Biswa Sarma Criticizes Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं। इस बीच उनका एक वीडियो वायरल है, जिसमें वे एक कुत्ते को बिस्किट खिला रहे हैं। तभी वे कुछ बिस्किट एक शख्स को सौंप देते हैं। इस वीडियो के जरिए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। हिमंता ने कहा कि मुझे भी राहुल गांधी ही नहीं बल्कि उनके पूरे परिवार ने यह बिस्किट खिलाने की कोशिश की, लेकिन खिला नहीं सके। मुझे असमिया और भारतीय होने पर गर्व है। मैंने बिस्किट खाने से इंकार कर दिया और कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। 

क्यों हिमंता को टैग हुआ ये वीडियो?
दरअसल, अक्सर हिमंता बिस्वा सरमा कुत्ता, कांग्रेस और बिस्किट की कहानी सुनाते हैं। भाजपा में आने से पहले हिमंता ने लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति की। हिमंता कहते हैं कि वे एक बार अन्य कांग्रेसियों के साथ राहुल गांधी से मिलने गए थे। इस दौरान राहुल गांधी का पालतू कुत्ता एक प्लेट से बिस्किट खा गया। बाद में कांग्रेस नेताओं को उसी प्लेट से बिस्किट की पेशकश की गई थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दिया। 

वायरल वीडियो को पल्लवी नाम की एक महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने हिमंता को टैग करते हुए लिखा कि एक और कांग्रेस कार्यकर्ता को डॉगी के प्लेट से बिस्किट दी गई। उसके बाद असम के मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि पल्लवी जी, राहुल गांधी ही नहीं बल्कि उनका पूरा परिवार मुझे वह बिस्किट नहीं खिला सका। 

Watch Video...

क्या है वायरल वीडियो में?
राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर झारखंड में हैं। वायरल वीडियो में राहुल गांधी को एक गाड़ी के ऊपर एक पिल्ले को दुलारते हुए दिखाया गया है। इसके बाद कांग्रेस नेता ने अपने सहयोगियों से बिस्कुट का एक पैकेट मांगा। इस दौरान कई समर्थक उनसे बात करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के बीच राहुल गांधी ने पिल्ले को बिस्किट खिलाया। कुछ बिस्किट पिल्ले ने खाया। कुछ नहीं खाए तो उन्होंने पिल्ले के मालिक को बिस्किट सौंप दिया। 

भारत जोड़ो यात्रा हैंडल ने भी राहुल गांधी द्वारा पिल्ले को सहलाते हुए एक वीडियो शेयर किया है। हालांकि उस क्लिप में बिस्किट प्रकरण नहीं दिखाया गया है। कुछ यूजर्स ने दावा किया है कि पिल्ला उस समर्थक का था जिससे राहुल गांधी बात कर रहे थे और कांग्रेस नेताओं ने उन्हें बाद में पिल्ला को खिलाने के लिए बिस्कुट दिए थे।