Bharat Dojo Yatra: कांग्रेस शुरू करेगी Martial Arts ट्रेनिंग, राहुल गांधी ने वीडियो शेयर कर किया नई यात्रा का ऐलान

Bharat Dojo Yatra Rahul Gandhi
X
Bharat Dojo Yatra Rahul Gandhi
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान, जब वह हजारों किलोमीटर की यात्रा कर रहे थे, तो हर शाम अपने कैंपसाइट पर जिउ-जित्सु की प्रैक्टिस करते थे।

Bharat Dojo Yatra: कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (29 अगस्त) को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मार्शल आर्ट्स के सेशन लेते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये सेशन इस साल की शुरुआत में उनके 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान आयोजित किए गए। अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर उन्होंने कहा कि जल्द ही 'भारत डोजो यात्रा' (Bharat Dojo Yatra) शुरू होने वाली है। डोजो का मतलब मार्शल आर्ट्स के प्रशिक्षण हॉल या स्कूल से होता है।

युवा मार्शल आर्ट्स स्टूडेंट्स के राहुल ने की प्रैक्टिस
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने X पर लिखा, "भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान, जब हम हजारों किलोमीटर की यात्रा कर रहे थे, तो हर शाम हम अपने कैंपसाइट पर जिउ-जित्सु की प्रैक्टिस करते थे। यह शुरू में केवल फिट रहने का एक साधारण तरीका था, लेकिन जल्दी ही यह एक सामुदायिक गतिविधि में बदल गया, जिसमें हमारे साथी यात्री और जिन शहरों में हम ठहरे थे, वहां के युवा मार्शल आर्ट्स के छात्र शामिल हो गए।"

बच्चों को कई टेक्निक सिखाते दिखे राहुल
8 मिनट के वीडियो में राहुल गांधी को बच्चों को कई टेक्निक सिखाते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह एक ब्लैक बेल्ट एइकिडो और एक ब्लू बेल्ट जिउ-जित्सु में हैं। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य इन युवाओं को 'जेंटल आर्ट' की सुंदरता से परिचित कराना था - जो ध्यान, जिउ-जित्सु, एइकिडो और अहिंसक संघर्ष समाधान तकनीकों का एक सामंजस्यपूर्ण मिश्रण है। हम उन्हें यह सिखाना चाहते थे कि कैसे हिंसा को कोमलता में बदलकर एक अधिक दयालु और सुरक्षित समाज बनाया जा सकता है।"

जल्द ही आ रही है भारत डोजो यात्रा
राहुल गांधी ने कहा, "इस राष्ट्रीय खेल दिवस पर, मैं आप सभी के साथ हमारे अनुभव को साझा करना चाहता हूं, उम्मीद है कि इससे कुछ लोग 'जेंटल आर्ट' की प्रैक्टिस करने के लिए प्रेरित होंगे।" उन्होंने आखिर में जोड़ा- "PS: भारत डोजो यात्रा जल्द ही आ रही है।" बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर से मुंबई तक दो महीने से अधिक लंबी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की थी। यह यात्रा उनके पिछले भारत जोड़ो यात्रा के एक साल बाद की गई थी, जो सितंबर 2022 से जनवरी 2023 के बीच आयोजित की गई थी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story