Logo
सिलीगुड़ी में बिहार के छात्रों पर हमले के बाद सियासत तेज हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और ललन सिंह ने ममता सरकार पर निशाना साधा।

Bihar Students Attacked in Bengal: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में बिहार से आए दो छात्रों पर हमले का मामला सामने आया है। दोनों छात्र एसएससी परीक्षा देने के लिए सिलीगुड़ी पहुंचे थे। इस घटना का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कि स्थानीय लोग इन छात्रों को घेर कर मार रहे थे। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले लोग खुद को पुलिस और आईबी का सदस्य बता रहे थे। इस घटना के बाद पूरे मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है और दोनों राज्यों में आक्रोश बढ़ रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि छात्रों को घेर कर सवाल किया जा रहा है और उन्हें माफी मांगने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

बिहार पुलिस ने बंगाल पुलिस को लिखी चिट्ठी
बिहार पुलिस ने इस घटना पर संज्ञान लिया है और पश्चिम बंगाल पुलिस को पत्र लिखा है। बिहार के एडीजी (कानून व्यवस्था) ने पश्चिम बंगाल के एडीजी को इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। बिहार पुलिस ने घटना का वीडियो भी पश्चिम बंगाल पुलिस को भेजा है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं बंगाल पुलिस ने जांच में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। बिहार पुलिस ने कहा है कि यह बिहार के छात्रों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। 

केंद्रीय मंत्री ने ममता सरकार पर साधा निशाना
इस घटना पर राजनीति भी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और गिरिराज सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। ललन सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है, जबकि गिरिराज सिंह ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोहिंग्याओं का स्वागत होता है लेकिन देश के अपने लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।

बंगाल सरकार ने मामले पर दी अपनी सफाई
बंगाल सरकार के मंत्री शोवेंदु भट्टाचार्य ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है, लेकिन टीएमसी नेता कुणाल घोष ने इसे स्थानीय विवाद बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल में बाहरी राज्यों के लोग भी आते हैं और यहां कोई समस्या नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।

बंगाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया
इस मामले के सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक का नाम रजत भट्टाचार्य और दूसरे का नाम गिरिधारी रॉय बताया जा रहा है। दोनों आरोपी सिलीगुड़ी के निवासी हैं और इन्हें युवकों पर हमला और उन्हें धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हमला एक संगठन 'बंगला पक्षो' के सदस्यों ने किया।  

हमलावरों ने खुद को पुलिस और IB से बताया
वीडियो में दिख रहे लोग खुद को पुलिस और आईबी का सदस्य बता रहे थे। वे छात्रों से पूछ रहे थे कि वे कौन हैं और यहां क्यों आए हैं। जब छात्रों ने बताया कि वे बिहार से हैं और परीक्षा देने के लिए आए हैं, तो स्थानीय लोग और आक्रामक हो गए। आरोप है कि इस समूह ने छात्रों से जबरन माफी मंगवाई। इन छात्रों के साथ मारपीट भी की गई। इस घटना ने बंगाल से लेकर बिहार तक बवाल मचा दिया है।

बंगला पक्षो संगठन पर आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह हमला कट्टरपंथी संगठन 'बंगला पक्षो' से जुड़े लोगों ने किया है। यह संगठन पहले भी हिंदी विरोधी अभियानों में शामिल रहा है। संगठन ने इससे पहले पश्चिम बंगाल में हिंदी में लिखे साइनबोर्डों को हटाने का अभियान भी चलाया था। रजत भट्टाचार्य इस संगठन का सदस्य बताया जा रहा है, जिसने बिहार के छात्रों पर हमले का नेतृत्व किया।

5379487