Rajya Sabha Election: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 7 उम्मीदवारों के नामों को ऐलान कर दिया है। इसी दिन उच्च सदन की 56 सीटों के लिए वोटिंग होगी और उसी दिन मतगणना की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। उत्तर प्रदेश से आरपीएन सिंह और सुधांशु त्रिवेदी को उम्मीदवार बनाया गया। आरपीएन सिंह पूर्व कांग्रेस नेता हैं, जो कि 2022 में भाजपा में शामिल हो गए थे। उत्तर प्रदेश में उनकी गिनती कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती थी।

अन्य उम्मीदवारों में चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत और नवीन जैन के नाम शामिल हैं। इस बार के राज्यसभा चुनाव में सबसे अधिक 10 सीट उत्तर प्रदेश की हैं। पार्टी ने प्रदेश में कुर्मी, ब्राह्मण, निशाद, जैन, राजपूत, मौर्य और जाट के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित किया है।

बिहार से सुशील मोदी का नाम गायब
बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के पास 6 सीटें हैं। इन पर बिहार की महिला मोर्चा अध्यक्ष धरमशिला गुप्ता को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। वहीं, नीतीश कुमार के पूर्व सहयोगी भीम सिंह को भी बीजेपी अपने कोटे से राज्यसभा भेजेगी। जबकि भाजपा की लिस्ट से सुशील कुमार मोदी का नाम गायब है। उन्होंने बिहार से राज्यसभा के दोनों उम्मीदवारों को बधाई दी है।

इन राज्यों के भी प्रत्याशी घोषित
छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार के साथ चौंकाया है। यहां से पार्टी ने राजा देवेंद्र प्रताप सिंह को राज्यसभा के मैदान में उतारा है। जबकि हरियाणा से पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और कर्नाटक से नारायण कृष्णासा भांडगे का नाम राज्यसभा प्रत्याशियों में शामिल है। उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट और पश्चिम बंगाल से पश्चिम बंगाल से सामनि भट्टाचार्य प्रत्याशी होंगे।

टीएमसी ने भी 4 प्रत्याशी घोषित किए
इससे पहले राज्यसभा चुनाव के लिए ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने अपने 4 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। टीएमसी ने पत्रकार सागरिका घोष, नदीमुल हक सुष्मिता देव और ममता बाला ठाकुर को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है। 

भाजपा के सबसे ज्यादा 32 सांसद होंगे रिटायर

  • बता दें कि 2024 में राज्यसभा के 68 सदस्य रिटायर होने हैं। 27 जनवरी को इनमें से 3 सांसदों का कार्यकाल खत्म हो चुका है। अभी 65 सांसद और रिटायर होंगे। 23 फरवरी को 55 सदस्य सांसद रिटायर हो जाएंगे। जबकि अप्रैल से मई के बीच 3 सांसद और जुलाई में 7 सदस्यों का कार्यकाल खत्म होने वाला है। इस साल मई के पहले हफ्ते में राज्यसभा के 58 सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हैं।
  • रिटायर होने वाले सांसदों में सबसे ज्यादा 32 मेंबर भाजपा के हैं। कांग्रेस के 11 सांसद रिटायर होंगे। जबकि तृणमूल कांग्रेस के 4 और भारत राष्ट्र समिति के 4 सांसदों का कार्यकाल समाप्त होगा। बीजू जनता दल, राष्ट्रीय जनता दल और जनता दल (यूनाइटेड) के  2-2 सदस्य रिटायर होंगे। वहीं, वायएसआरसीपी, शिवसेना, एनसीपी, तेलगु देशम पार्टी, सीपीआई, सीपीआईएम, केरल कांग्रेस और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंड के एक-एक सांसदों को कार्यकाल पूर्ण होगा।