Assembly Elections in four states: भाजपा ने चार राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी की घोषणा कर दी है। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को झारखंड राज्य का चुनाव प्रभारी बनाया है। असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा सह प्रभारी होंगे। महाराष्ट्र में भूपेंद्र यादव प्रभारी बनाए गए हैं। अश्विनी वैष्णव सह प्रभारी है। हरियाणा में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रभार दिया गया है। पूर्व सीएम विप्लव कुमार देव को सह प्रभारी बनाया है। जम्मू कश्मीर में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी प्रभारी बनाए गए हैं।

जानें कौन हैं शिवराज सिंह चौहान 
शिवराज सिंह चौहान भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। मोदी कैबिनेट में पहली बार शिवराज को केंद्रीय मंत्री बनाया है। एमपी के पूर्व सीएम शिवराज को मोदी 3.0 कैबिनेट में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री की जिम्मेदारी दी है। शिवराज को मध्य प्रदेश में 'मामा' नाम से भी पुकारा जाता है। शिवराज सिंह चौहान का जन्म 5 मार्च 1959 को हुआ था।

8.21 लाख वोटों से जीता चुनाव 
64 साल के शिवराज ने इस बार विदिशा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। कांग्रेस के प्रतापभानु शर्मा को 8.21 लाख वोटों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ शिवराज छठवीं बार सांसद बने। पहली बार 1991 में सांसद बने थे। 2005 से 2023 तक चार बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। लंबा प्रशासनिक अनुभव और संघ के करीबी हैं। शिवराज ने पोस्ट ग्रेजुएट हैं। परिवार में पत्नी साधना सिंह, दो बेटे कार्तिकेय और कुणाल हैं।

भूपेंद्र को संगठन चलाने में कुशल माना जाता है 
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने तैयारी शुरू कर दी है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी और अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी नियुक्त किया है। भूपेंद्र यादव को संगठन को चलाने में कुशल माना जाता है, इसका प्रदर्शन यूपी और बिहार में कर चुके हैं। ऐसे में महाराष्ट्र में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। 

धर्मेंद्र प्रधान के बारे में सबकुछ 
ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट से जीत हासिल कर धर्मेंद्र प्रधान 2024 में सांसद चुने गए हैं। धर्मेंद्र प्रधान को मोदी 3.0 कैबिनेट में शिक्षा मंत्री बनाया है। प्रधान का जन्म 26 जून 1969 को ओडिशा के अंगुल में हुआ था। पिता देबेंद्र प्रधान प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ और केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। धर्मेंद्र ने स्नातकोत्तर तक शिक्षा हासिल की है।

2019 में भी मोदी सरकार में मंत्री रहे 
2004 में लोकसभा चुनाव जीता और देवगढ़ से सांसद बने। 2012 में राज्यसभा के सदस्य चुने गए। 2014 में भाजपा ने धर्मेंद्र प्रधान को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी दी। 2019 में मोदी सरकार में शिक्षा और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई। अब भाजपा ने हरियाणा का चुनाव प्रभारी बनाया है।