BJP Attack on Rahul Gandhi: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुधवार को ओडिशा पहुंची। राहुल गांधी ने राउरकेला, सुंदरगढ़ में रोड शो से यात्रा की शुरुआत की। वे वेदव्यास मंदिर भी गए। जहां उन्होंने भगवान शिव, गणेश आदि देवताओं की पूजा अर्चना की। इस पर भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसका कैप्शन उन्होंने 'छोटा तिलक लगाना चुनावी हिंदू राहुल गांधी' दिया है। मालवीय की पोस्ट पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी पलटवार किया।    

क्या है वीडियो में?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सुबह राउरकेला स्थित वेद व्यास मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा पाठ किया। पूजा पाठ का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वे अपने हाथों में फूल लेकर मंत्रोच्चार के बीच पूजा कर रहे हैं। लेकिन जब वे मंदिर में दाखिल हो रहे थे, तब मंदिर के पुजारी ने उन्हें तिलक लगाना। तभी राहुल गांधी ने कहा कि छोटा तिलक लगाना।

जयराम रमेश बोले- बीजेपी की मीडिया टीम बेरोजगार है
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भाजपा नेता अमित मालवीय की पोस्ट पर कहा कि सबसे बड़ी बेरोजगारी बीजेपी की मीडिया टीम में है। उनके पास करने के लिए और कुछ नहीं है। वे केवल वायरल वीडियो चलाते हैं। 

राहुल बोले- ओडिशा में भाजपा और बीजद के बीच पार्टनरशिप
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि ओडिशा में BJP और BJD के बीच पार्टनरशिप है। दोनों मिलकर काम करते हैं। इस पार्टनरशिप के खिलाफ सिर्फ कांग्रेस लड़ रही है। उन्होंने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि नवीन पटनायक और नरेंद्र मोदी ओडिशा में साझेदारी सरकार चलाते हैं। मैंने देखा कि BJD संसद में बीजेपी का समर्थन करती है। BJP के कहने पर BJD के लोग भी हमें परेशान करते हैं।

Rahul Gandhi

30 लाख राज्य से पलायन कर गए
राहुल ने कहा कि मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने ओडिशा आया हूं। राज्य से लगभग 30 लाख लोग आजीविका के लिए मजदूरों के रूप में दूसरे राज्यों में चले गए हैं क्योंकि राज्य सरकार उनके लिए काम नहीं कर रही है। वहीं ओडिशा के बाहर से 30 करोड़पति राज्य की संपत्ति लूटने के लिए यहां आए हैं।

राहुल ने कहा कि ओडिशा में आदिवासियों की बड़ी आबादी है, लेकिन सरकार दलितों के साथ-साथ उनकी भी उपेक्षा कर रही है। मैं यहां 6/7 घंटे आपके मन की बात सुनने और 15 मिनट थोड़ा बोलने आया हूं। उन्होंने कहा कि ओडिशा में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है क्योंकि उद्योग ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।