Budget 2025: बजट सत्र से पहले PM मोदी ने मां लक्ष्मी से की प्रार्थना, कहा- देश के मध्यम वर्ग में आए समृद्धि

Budget 2025 PM Modi Speech: संसद का बजट सत्र 2024 आज शुक्रवार(31 जनवरी) से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बात की और मां लक्ष्मी की स्तुति की।;

Update:2025-01-31 11:02 IST
Budget 2025 PM Modi SpeechBudget 2025 PM Modi Speech
  • whatsapp icon

Budget 2025 PM Modi Speech: संसद का बजट सत्र 2025 आज शुक्रवार(31 जनवरी) से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बात की और मां लक्ष्मी की स्तुति की। उन्होंने कहा कि यह भारत की सदियों पुरानी परंपरा है कि इस प्रकार के महत्वपूर्ण अवसरों पर समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी का स्मरण किया जाता है। पीएम मोदी ने देश के गरीब और मध्यम वर्ग के लिए मां लक्ष्मी से विशेष कृपा की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत की दिशा में नए विश्वास को जन्म देगा।

नारी शक्ति और विकसित भारत पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता ने उन्हें तीसरी बार यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्होंने अपने संबोधन में नारी शक्ति के गौरव को स्थापित करने की प्रतिबद्धता जताई। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि यह बजट सत्र देश को नई ऊर्जा देगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भारत की भूमिका को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि जब 2047 में भारत आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तब यह एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। इस बजट के माध्यम से सरकार नए संकल्पों को पूरा करने की दिशा में काम करेगी।

बजट सत्र में होंगे कई अहम फैसले
पीएम मोदी ने कहा कि यह बजट सत्र कई ऐतिहासिक निर्णयों का गवाह बनेगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण बिलों पर चर्चा होगी, जो देश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इनोवेशन, इनक्लूजन और इन्वेस्टमेंट के तीन स्तंभों के आधार पर आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रही है। सरकार मिशन मोड में काम कर रही है और देश के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश करेंगी आठवां बजट
इस बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना लगातार आठवां बजट पेश करने जा रही हैं। यह पहला अवसर है जब किसी वित्त मंत्री ने लगातार आठ बार बजट पेश किया हो। इससे पहले, पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने पांच बजट पेश किए थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे एक बजट पेश नहीं कर पाए थे। इस सत्र के पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें सरकार की आर्थिक नीतियों और भविष्य की योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया जाएगा।

तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तीसरे कार्यकाल में सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 में जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश एक विकसित राष्ट्र होगा। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासी अपने सामूहिक प्रयासों से इस संकल्प को पूरा करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार देश को भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Similar News