Logo
Champai Soren: जेएमएम के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन ने इस साल 2 फरवरी को झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। तब ईडी की गिरफ्तारी के चलते हेमंत सोरोन को इस्तीफा देना पड़ा था। 

Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन शुक्रवार (30 अगस्त) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। असम के मुख्यमंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने इसकी पुष्टि की। सरमा ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया पोस्ट में चंपई सोरेन को "देश के प्रतिष्ठित आदिवासी नेता" के रूप में सम्मानित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ चंपई सोरेन की मुलाकात की एक तस्वीर भी X पर शेयर की है।

चंपई सोरेन "झारखंड टाइगर" के नाम से मशहूर
बता दें कि 67 वर्षीय चंपई सोरेन ने हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद सीएम की कुर्सी एक बार फिर से हेमंत सोरेन को मिली। चंपई ने JMM लीडरशिप पर उनके साथ अपमानजनक बर्ताब का आरोप लगाया है। उन्होंने ऐलान किया था कि वह जल्द ही अपने राजनीतिक भविष्य का फैसला कर लेंगे। चंपई सोरेन को "झारखंड टाइगर" के नाम से भी जाना जाता है। जेएमएम नेता सिबु सोरेन के सबसे खास रहे चंपई ने झारखंड के गठन के संघर्ष में अहम भूमिका निभाई थी। 

नई पार्टी बनाने पर भी विचार कर रहे थे चंपई
चंपई सोरेने ने अपने आगामी राजनीतिक फैसले पर कहा था कि वह पॉलिटिक्स नहीं छोड़ेंगे और एक नई पार्टी बनाने का विकल्प भी उनके पास हमेशा खुला है। हालांकि, 2 हफ्ते पहले उन्होंने कहा- "हम जहां पर हैं वहीं पर हैं।" इसी सप्ताह सोरेन दिल्ली पहुंच गए थे, जहां उन्होंने कहा कि वह निजी काम से आए हैं, लेकिन राजनीतिक अटकलें तब भी बनी रहीं। 

बीजेपी ने चंपई सोरेन को झारखंड का सेवक बताया
BJP ने चंपई सोरेन को "वरिष्ठ नेता" और "एक अच्छे मुख्यमंत्री के रूप में झारखंड की सेवा करने वाला" बताया। झारखंड के आगामी चुनावों के लिए भाजपा के प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने पहले कहा था, "मैं चाहता हूं कि चंपई सोरेन बीजेपी में शामिल हों और हमें मजबूत करें।" इसके कुछ घंटे बाद ही यह डील फाइनल हो गई। सरमा ने गृहमंत्री शाह के साथ चंपई सोरेन की तस्वीर शेयर करते हुए बताया है कि सोरेन 30 अगस्त को रांची में बीजेपी ज्वाइन करेंगे।

5379487