Weather Update Today: उत्तर भारत में शीतलहर और हाड़ कंपा देन वाली सर्दी का सितम जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिन उत्तर भारत में मौसम बदलने के आसार नहीं हैं। यानी कि राजधानी दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश में लोगों को घना कोहरा-धुंध के साथ कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। सोमवार सुबह दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में घना कोहरा छाया रहा। जिसकी वजह से फ्लाइट और ट्रेन ऑपरेशन प्रभावित हुआ है। आज अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन और रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के चलते कई फ्लाइट दिल्ली से अयोध्या एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगी। लो विलिबिलिटी का असर इन पर दिखाई दे सकता है।

राजधानी में कोहरे का कहर, कई उड़ानों में देरी
दिल्ली में आज भी कोहरा और धुंध की स्थिति में सुधार की उम्मीद नहीं है। सोमवार सुबह भी कई उड़ानें रिशेड्यूल होने पर यात्री इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर इंतजार करते नजर आए। रविवार को 6 घंटे के लिए सुबह 9 बजे तक विजिबिलिटी शून्य पर आ गई थी। जिसके कारण आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) पर 150 फ्लाइट लेट हुईं और 6 उड़ाने रद्द करनी पड़ी थीं। राजधानी की ओर आने-जाने वाली 11 रेलगाड़ियां देरी से चल रही थीं।

 अयोध्या में आज कैसा रहेगा मौसम?
- सोमवार सुबह 6 बजे अयोध्या में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान में बदलों की मौजूदगी कम है और हवा की रफ्तार 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटा है। कोहरे और धुंध का असर ज्यादा नहीं है, दृश्यता 1200 मीटर दर्ज की गई।
- मौसम विभाग की ओर से जारी सुबह 9 बजे तक के अनुमान के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हल्का कोहरा छा सकता है और विजिबिलिटी 600 मीटर तक गिर सकती है। अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।