Logo
Ram Rahim furlough: हरियाणा सरकार ने राम रहीम के लिए 21 दिन की फरलो मंजूर की। सुनारिया जेल से डेरा प्रमुख की छुट्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अहम मानी जा रही है।

Ram Rahim furlough: डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) मंगलवार को एक बार फिर जेल से बाहर आया। दुष्कर्म का दोषी राम रहीम इन दिनों रोहतक की सुनारिया जेल से सजा काट रहा है। हरियाणा सरकार द्वारा 21 दिन की फरलो मंजूर होने पर वह आज सुबह 6 बजे जेल से निकला और उसका काफिला सीधा उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित आश्रम के लिए रवाना हो गया। बताया जा रहा है कि राम रहीम फरलो का वक्त बरनावा आश्रम में ही गुजारेगा। बता दें कि यह दूसरा मौका है जब 2024 में राम रहीम को जेल से छुट्टी मिली है।

15 अगस्त को आश्रम में जन्मदिन मनाएगा राम रहीम

  • मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम रहीम को रिसीव करने के लिए उसकी गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत सुनारिया जेल पहुंची थी। जेल परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच उसे एक गाड़ी में उत्तर प्रदेश के लिए रवाना किया गया।
  • गुरमीत राम रहीम 15 अगस्त को अपना जन्मदिन बागपत के बरनावा आश्रम में मनाएगा। इसके बाद 19 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर वह आश्रम में ही रहेगा। इससे पहले जेल में ही उसके अनुयायी राखी और जन्मदिन के संदेश भेजते थे।

विधानसभा चुनाव से पहले फरलो पर उठ रहे सवाल
हरियाणा में आने वाले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी सरकार की ओर से चुनावों के मद्देनजर राम रहीम को फरलो मंजूर करने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाल ही में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने फरलो और पैरोल मामलों में राज्य सरकार को फैसला लेने का अधिकार दिया है। अदालत ने कहा कि सरकार को नियमों के तहत डेरा प्रमुख की फरलो या पैरोल पर निर्णय लेना चाहिए। राम रहीम ने 13 अगस्त को मंजूर हुई फरलो के लिए जून में कोर्ट में याचिका दायर की थी।

जनवरी में राम रहीम को मिली थी 50 दिन की पैरोल
इस साल पहले भी 19 जनवरी को राम रहीम को 50 दिन की पैरोल दी गई थी। जिसके खिलाफ एसजीपीसी ने याचिका दायर की थी, जिसमें तर्क दिया गया कि डेरा प्रमुख राम रहीम की अस्थायी रिहाई से सार्वजनिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। राम रहीम दुष्कर्म और हत्या के मामलों में सजा काट रहा है। इस साल दूसरी बार वह सुनारिया जेल से बाहर आया है।

इन मामलों में दोषी है डेरा प्रमुख बाबा राम रहीम
गुरमीत राम रहीम सिंह 2017 से सुनारिया जेल में बंद है। कोर्ट ने उसे 2 अनुयायियों के यौन शोषण के मामले में 20 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद 2019 में राम रहीम समेत 3 अन्य को 16 साल पुराने पत्रकार मर्डर केस में दोषी ठहराया गया था। इसी साल मई में हाईकोर्ट ने डेरा प्रमुख के पूर्व प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले में राम रहीम और चार अन्य को बरी कर दिया था। तब कोर्ट ने मामले की जांच को "दागदार और संदेहास्पद" माना था। जेल में सजा के दौरान डेरा प्रमुख को कई बार फरलो मिल चुकी है।

5379487