Logo
Desh Ka Mausam: (India Weather Update): यूपी के 21 और बिहार के 12 जिलों में बाढ़ से हाहाकार।असम में गर्मी से स्कूल बंद। 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट। जानें देशभर के मौसम का हाल

Desh Ka Mausam: (India Weather Update):देश में मानसून ने एक बार फिर से तबाही मचाई है। उत्तर प्रदेश और बिहार के 33 जिलों में बाढ़ आ गई है। यूपी में 21 जिलों में बाढ़ से 15 हजार लोग प्रभावित हैं। असम में गर्मी का पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसके चलते स्कूलों को बंद करना पड़ा है। वहीं, 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। आइए जानते हैं, देश में कहां कैसे हैं मौसम के हालात।

बिहार के 12 जिलों के लोग बाढ़ से प्रभावित
बिहार के 12 जिलों में 12.67 लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। भागलपुर और मुंगेर में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मुंगेड़ और आसपास के इलाकों में राज्य सरकार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मध्यम से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जाहिर किया है। 

उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में बाढ़ 
उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में हालात गंभीर हैं। उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में भी आज भारी बारिश का अलर्ट है। झांसी में सड़कों पर मगरमच्छ नजर आए हैं, जो बाढ़ की गंभीरता को दर्शाता है। अगले 5 दिनों तक राज्य में मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। कानपुर के पांडु नदी का पानी 13 गांवों में घुस गया है, जिससे 15 हजार लोग प्रभावित हो चुके हैं। एक हजार बीघा फसल तबाह हो चुकी है और लोगों के घरों में दो फीट तक पानी भर गया है।

असम में गर्मी से लोग बेहाल,स्कूल बंद
असम के गुवाहाटी में गर्मी की मार से स्कूलों को 4 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। यहां का तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो असम में सामान्य से बहुत अधिक है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज यहां बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट की उम्मीद की जा रही है। इसके बावजूद, गर्मी ने लोगों का जीवन दूभर कर दिया है और सरकार को स्कूलों को बंद करने का निर्णय लेना पड़ा।

मेघालय में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
मेघालय के चेरापूंजी और मौसिनराम, जो दुनिया के सबसे ज्यादा बारिश वाले स्थान माने जाते हैं, इस बार अपने कोटे से कम बारिश दर्ज कर रहे हैं। चेरापूंजी में इस बार तापमान 33.1 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य रूप से यह 23 डिग्री रहता है। मानसून के चार महीनों में जहां पहले 11 हजार मिमी बारिश होती थी, इस बार यह 9712 मिमी ही रही। अगले कुछ वर्षों में यहां गर्मी और बढ़ने की संभावना है।

4 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 25 सितंबर को कोंकण-गोवा सहित 4 राज्यों में 12 सेंटीमीटर से अधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में 12 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और कई पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट है। इन राज्यों में अगले 3 दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश में मानसून के जाने से पहले फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है। सितंबर में चौथी बार एक मजबूत सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसके चलते अगले 3 दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला चलेगा। खासकर इंदौर और धार सहित 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी संभावना है।

5379487