Logo

Elephant attack: आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या में दर्दनाक घटना हो गई। हाथियों के झुंड ने मंगलवार (25 फरवरी) को तालकोना मंदिर जा रहे भक्तों पर हमला बोल दिया। लोगों ने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन हाथियों ने 5 लोगों को कुचलकर मार डाला। कई घायल हैं। घटना ओबुलवारीपल्ले मंडल के गुंडालाकोना वन क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारी पहुंचे। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। 2 की हालत गंभीर है।

जानिए कैसे हुई घटना 
जानकारी के मुताबिक, 30 भक्तों का समूह वाई कोटा से गुंडलकोंडा जा रहा था। भक्त तालकोना मंदिर में दर्शन करने के लिए शेषचलम के जंगलों से गुजर रहे थे। मंगलवार सुबह भक्तों का समूह तालाकोना की ओर बढ़ा ही था कि उन्हें 15 जंगली हाथियों का झुंड मिला। हाथियों का झुंड भक्तों की तरफ आया तो लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। 

लोग भागे तो आक्रामक हुए हाथी
चीखते-चिल्लाते लोग इधर-उधर भागने लगे। लोगों को भागते देखकर हाथी आक्रामक हो गए। हाथियों ने लोगों को घेर लिया और हमला बोल दिया। हाथियों ने पांच लोगों को कुचलकर मार डाला। कुछ लोगों ने भागकर जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।  घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। 2 लोगों की हालत गंभीर है। पांचों मृतक रेलवे कोडुरु मंडल के उरलागड्डापडु गांव के रहने वाले हैं। 

दो दिन पहले: दो को मार डाला 
बता दें कि रविवार को केरल के कन्नूर के अरलम फार्म इलाके में जंगली हाथी ने एक पुरुष और एक महिला को कुचल कर मार डाला था।  तेरहवें खंड खासकर ओडाचाल क्षेत्र में हाथियों का आतंक है। पिछले छह सालों में अरलम फार्म क्षेत्र में हाथियों के हमले में 15 लोगों की मौत हो चुकी है।