Assembly Election 2024: चुनाव आयोग ने मंगलवार (15 अक्टूबर) को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र में सिंगल फेज और झारखंड में 2 चरणों में मतदान होगा। इसके साथ ही देशभर में 48 विधानसभा/लोकसभा सीटों पर उपचुनाव भी कराए जाएंगे। इनमें यूपी की 9, मध्य प्रदेश की 2 विधानसभा सीटें और वायनाड समेत 2 लोकसभा सीटें शामिल हैं। दोनों राज्यों और उपचुनाव के लिए मतगणना एक साथ 23 नवंबर को होगी।

बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा, जिसकी कुल 288 सीटें हैं, का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है, जबकि 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 तक है। दोनों राज्यों में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है। CEC राजीव कुमार ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं को शांतिपूर्ण मतदान के लिए बधाई दी और कहा कि जम्मू-कश्मीर के चुनाव में एक भी गोली नहीं चली और न ही लाठी-डंडे चले।

महाराष्ट्र: 288 विधानसभा सीटें
कुल मतदाता: 9.36 करोड़,
पोलिंग स्टेशन: 1 लाख 186


सिंगल फेस में वोटिंग
नोटिफिकेशन: 22 से 29 अक्टूबर
मतदान तिथि: 20 नवंबर
मतगणना: 23 नवंबर

झारखंडः 81 विधानसभा सीटें
कुल मतदाता: 2.6 करोड़
पोलिंग स्टेशन: 29,652


चरण- 1
नोटिफिकेशन: 22 से 29 अक्टूबर 
मतदान तिथि: 13 नवंबर
मतगणना: 23 नवंबर

चरण- 2
नोटिफिकेशन: 22 से 29 अक्टूबर 
मतदान तिथि: 20 नवंबर
मतगणना: 23 नवंबर 

उपचुनाव की तारीखों का ऐलान

  • चुनाव आयोग ने 13 राज्यों की 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों के लिए उपचुनावों की तारीखों की घोषणा की है। ये उपचुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 13 नवंबर को 47 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर मतदान होगा। दूसरे चरण में 20 नवंबर को एक विधानसभा और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर वोटिंग होगी। सभी सीटों के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
  • उपचुनावों में उत्तर प्रदेश की 9, राजस्थान की 7, पश्चिम बंगाल की 6, असम की 5, बिहार की 4, पंजाब की 4, कर्नाटक की 3, केरल की 2, मध्य प्रदेश की 2, सिक्किम की 2, गुजरात, उत्तराखंड, मेघालय, और छत्तीसगढ़ की 1-1 विधानसभा सीटें शामिल हैं। केरल की वायनाड सीट राहुल गांधी के इस्तीफे से खाली हुई है, जबकि महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट कांग्रेस सांसद के निधन के बाद रिक्त है।

सितंबर-अक्टूबर में हुए 2 राज्यों के विधानसभा चुनाव 
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने पहले सितंबर-अक्टूबर 2024 में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराए हैं। इससे पहले अप्रैल-मई में देशभर में लोकसभा चुनाव हुए थे।